Get App

Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में बंद, निवेशकों के एक दिन में ₹79,000 करोड़ डूबे

Share Market Down: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 18 दिसंबर को लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद कारोबार के बाद आखिरी घंटों में आई बिकवाली ने बाजार की बढ़त को पूरी तरह मिटा दिया। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच बाजार सीमित दायरे में रहा, हालांकि निफ्टी 25,800 के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहा

Curated By: Vikrant singh
अपडेटेड Dec 18, 2025 पर 16:17
Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में बंद, निवेशकों के एक दिन में ₹79,000 करोड़ डूबे

दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। हालांकि, दोपहर के कारोबार में चुनिंदा शेयरों में खरीदारी लौटने से बाजार हरे निशान में चला गया और काफी समय तक मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा। हालांकि अंतिम घंटों में मुनाफावसूली और बिकवाली हावी हो गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लगभग सपाट स्तर के पास फिसल गए।

सेक्टोरल प्रदर्शन
सेक्टोरल इंडेक्सों का प्रदर्शन आज मिला-जुला रहा। IT इंडेक्स में 1% की मजबूती देखने को मिली। वहीं रियल्टी इंडेक्स में 0.3% की तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर, ऑटो, मीडिया, फार्मा, ऑयल एंड गैस और कैपिटल गुड्स सेक्टरों में 0.3% से 1% तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं ब्रॉडर मार्केट में BSE मिडकैप इंडेक्स सपाट बंद हुआ, जबकि Smallcap इंडेक्स में 0.3% की गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों के ₹79,000 करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 465.39 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 466.18 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 79,000 रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 79,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टीसीएस (TCS) के शेयरों में 1.94 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), इंफोसिस (Infosys), एक्सिस बैंक (Axis Bank) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयर 0.44 फीसदी से लेकर 1.72 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी सन फार्मा (Sun Pharma) का शेयर 2.74 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा स्टील (Tata Steel), पावरग्रिड (Power Grid), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 0.82 फीसदी से लेकर 1.26 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,332 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,332 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,631 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,506 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 195 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 95 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 276 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें