
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 296.28 अंक या 0.36% की गिरावट के साथ 81,185.58 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 86.70 अंक या 0.35% की गिरावट के साथ 24,768.35 पर बंद हुआ। यह जुलाई की डेरिवेटिव एक्सपायरी का भी दिन था। निफ्टी ने चार महीनों के बाद जुलाई सीरीज की समाप्ति गिरावट के साथ की।
सेक्टोरल परफॉर्मेंस
शेयर बाजार में चौतरफा गिरावट के बीच केवल Nifty FMCG इंडेक्स ने हरे निशान में क्लोजिंग दी। यह इंडेक्स 1.3% की तेजी के साथ बंद हुआ। हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी बड़ी कंपनियों के मजबूत नतीजों से इंडेक्स को सपोर्ट मिला। वहीं, दूसरी ओर निफ्टी मेटल, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी फार्मा जैसे प्रमुख सेक्टर्स में जोरदार गिरावट देखी गई। एनालिस्ट्स का मानना है कि ट्रंप के टैरिफ फैसले से ग्लोबल मांग को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है और साथ ही मार्जिन पर दबाव की स्थिति बनी हुई है, जो इन सेक्टर्स पर नकारात्मक असर डाल रही है।
निवेशकों के ₹2.59 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 31 जुलाई को घटकर 449.70 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 30 जुलाई को 452.29 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 80,000 करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 80,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 8 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयरों में 3.48 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इटर्नल (Eternal), आईटीसी (ITC), कोटक महिंद्रा बैंक (Koatak Mah Bank) और पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयर 0.64 फीसदी से लेकर 1.40 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टाटा स्टील (Tata Steel) का शेयर 2.20 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं सन फार्मा (Sun Pharma), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 1.37 फीसदी से लेकर 1.69% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,411 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,153 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,606 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,411 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 136 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 131 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 91 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।