Get App

Share Market Today: शेयर बाजार में सवा ₹5 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निवेशक बर्बाद

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 8 अगस्त को एक बार फिर भारी बिकवाली देखने को मिली। अमेरिकी टैरिफ को लेकर जारी अनिश्चतता से निवेशकों का मनोबल कमजोर हुआ। कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 765.47 अंक या 0.95% टूटकर 79,857.79 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 232.85 अंक या 0.95% गिरकर 24,363.30 पर बंद हुआ

Edited By: Vikrant singh
अपडेटेड Aug 08, 2025 पर 16:35
Share Market Today: शेयर बाजार में सवा ₹5 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निवेशक बर्बाद

एनएसई के अधिकतर सेक्टोरल इंडेक्स भी शुक्रवार को लाल निशान में में बंद हुए। रियल्टी (-1.93%), मेटल (-1.71%), कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (-1.64%) और मिडकैप (-1.49%) सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट आई। ऑटो, फार्मा, इंफ्रास्ट्रक्चर, प्राइवेट बैंक और आईटी सेक्टर ने भी बाजार पर दबाव डाला।

निफ्टी बैंक 0.78%, एफएमसीजी 0.72% और एनर्जी 0.53% टूटा। पीएसयू बैंक और मीडिया इंडेक्स में मामूली गिरावट रही। वहीं ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.06% की हल्की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने वाला इकलौता शेयर रहा। बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडेक्स, इंडिया VIX 2.05% बढ़कर 11.93 पर पहुंच गया, जो दिखाता है कि निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है।

निवेशकों के ₹5.22 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 8 अगस्त को घटकर 440.57 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार 7 अगस्त को 445.35 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.22 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.22 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 5 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 1.39 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाइटन (Titan), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), ट्रेंट (Trent) और आईटीसी (ITC) के शेयर 0.19 फीसदी से लेकर 1.33 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) का शेयर 3.41 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा मोटर्स (Tata Motors), कोटक महिंद्रा बैंक (Koatak Mah Bank), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयरों में 1.82 फीसदी से लेकर 2.19% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

2,506 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,173 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,523 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,506 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 144 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 119 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 110 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें