Get App

Share Markets: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 480 अंक उछला; निवेशकों ने ₹2 लाख करोड़ कमाए

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार 23 फरवरी को मजबूती के साथ सप्ताह की शुरुआत की। बाजार लगातार दूसरे दिन हरे निशान में बंद हुआ। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 479.95 अंक यानी 0.58% बढ़कर 83,294.66 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 141.75 अंक यानी 0.55% चढ़कर 25,713 पर बंद हुआ

Edited By: Vikrant singh
अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 16:23
Share Markets: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 480 अंक उछला; निवेशकों ने ₹2 लाख करोड़ कमाए

हालांकि, दोपहर के कारोबार में थोड़ी मुनाफावसूली देखने को मिली। कारण यह रहा कि ट्रंप ने लगभग सभी देशों पर अस्थायी ग्लोबल टैरिफ को 10% से बढ़ाकर 15% करने की घोषणा की। इससे निवेशकों में थोड़ी चिंता बढ़ी। इसके बावजूद अंतिम घंटे में खरीदारी लौटी और बाजार दिन के उच्च स्तर के करीब बंद हुआ।

सेक्टरवार प्रदर्शन
PSU बैंक इंडेक्स में 1.3% की बढ़त रही। फार्मा, ऑयल एंड गैस, इंफ्रा, FMCG और ऑटो सेक्टर में करीब 0.5% की तेजी रही। हालांकि, आईटी सेक्टर 1.4% गिरा। मेटल इंडेक्स में 0.2% की हल्की कमजोरी रही। वहीं ब्रॉडर मार्केट का प्रदर्श मिला-जुला रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.4% गिरा। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3% बढ़त के साथ बंद हुआ।

निवेशकों ने ₹1.96 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 469.07 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 467.11 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयरों में 2.98 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement), पावरग्रिड (Power Grid) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयर 1.34 फीसदी से लेकर 2.22 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 11 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इंफोसिस (Infosys) का शेयर 1.80 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), ट्रेंट (Trent), एचसीएल टेक (HCL Tech) और बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) के शेयरों में 0.53 फीसदी से लेकर 1.06 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,497 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,497 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,926 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,389 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 182 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 124 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 238 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें