Get App

Share Markets: शेयर बाजार की 'हैट्रिक'! सेंसेक्स 208 अंक उछला; निवेशकों ने एक दिन में बनाए ₹81,000 करोड़

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 10 फरवरी को लगातार तीसरे दिन तेजी रही। कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 208.17 अंक या 0.25 फीसदी बढ़कर 84,273.92 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 67.85 अंक या 0.26 फीसदी बढ़कर 25,935.15 के स्तर पर पहुंच गया।

Edited By: Vikrant singh
अपडेटेड Feb 10, 2026 पर 16:21
Share Markets: शेयर बाजार की 'हैट्रिक'! सेंसेक्स 208 अंक उछला; निवेशकों ने एक दिन में बनाए ₹81,000 करोड़

ब्रॉडर मार्केट में भी हरियाली छाई रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी उछल गए। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.4 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। एनएसई का एडवांड-डिक्लाइन रेशियो 3:2 का रहा।

फार्मा और PSU बैंक को छोड़ दें, तो बाकी सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में रहे। मीडिया इंडेक्स में सबसे अधिक 2 फीसदी की तेजी देखने को मिली। वहीं ऑटो इंडेक्स में 1 फीसदी की तेजी देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹81,000 करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 474.15 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 473.34 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 81,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 81,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इटरनल (Eternal) के शेयरों में 5.14 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाटा स्टील (Tata Steel), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) और पावरग्रिड (Power Grid) के शेयर 1.36 फीसदी से लेकर 2.82 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 15 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एचसीएल टेक (HCL Tech) का शेयर 2.03 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), भारती एयरटेल (Bharti Airtel), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) और एशियन पेंट्स (Asian Paints) के शेयरों में 0.77 फीसदी से लेकर 1.74 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,407 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,407 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,598 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,647 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 162 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 127 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 56 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें