Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार, 27 मार्च को एक बार फिर भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 1690.23 अंक या 2.25 फीसदी गिरकर 73,583.22 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 486.85 अंक या 2.09 फीसदी टूटकर 22,819.60 के स्तर पर बंद हुआ। ग्लोबल बाजारों से कमजोर संकेत और अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर अनिश्चितता के चलते निवेशकों का भरोसा डगमगाता नजर आया। रुपये की कमजोरी ने भी निवेशकों की चिंताएं बढ़ाई।
मिडकैप और स्मॉलकैप भी लुढ़के
इस गिरावट का असर सिर्फ लार्जकैप और ब्लूचिप शेयरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे बाजार में व्यापक बिकवाली देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी दबाव में रहे। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 2.2% की गिरावट आई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 1.7% तक टूट गया।
सभी सेक्टर लाल निशान में
सेक्टोरल स्तर पर सभी प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा दबाव PSU बैंक और रियल्टी सेक्टर पर रहा, जिनमें 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में भी करीब 2% की गिरावट देखने को मिली।
वीकली आधार पर भी गिरावट
अगर पूरे हफ्ते की बात करें तो बाजार में कमजोरी बनी रही। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही इस हफ्ते करीब 1.2% की गिरावट के साथ बंद हुए। यह संकेत देता है कि बाजार में अभी स्थिरता नहीं आई है और निवेशक अभी भी ग्लोबल घटनाओं को लेकर सतर्क बने हुए हैं।
निवेशकों के ₹8.89 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 422.12 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 431.01 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 8.89 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.89 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में सबसे अधिक 4.55 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। वहीं, इंडिगो (Indigo), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और इटरनल (Eternal) के शेयरों में 0.85 फीसदी से लेकर 1.66 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के सिर्फ 3 शेयर हरे निशान में बंद
वहीं सेंसेक्स के बाकी 3 शेयर आज हरे निशान में बंद हुए। इसमें भी टीसीएस (TCS) का शेयर 0.49 फीसदी की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स रहा। वहीं, भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और पावरग्रिड (Power Grid) के शेयरों में क्रमश: 0.37 फीसदी और 1.10 फीसदी की तेजी रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,501 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,501 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 822 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,542 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 137 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 67 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 906 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Story continues below Advertisement