Credit Cards

Share Markets: शेयर बाजार 4 दिन बाद लुढ़का, सेंसेक्स 153 अंक गिरकर बंद, निवेशकों के ₹2.35 लाख करोड़ डूबे

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में लगातार 4 दिनों की तेजी के बाद आज 8 अक्टूबर को जोरदार मुनाफावसूली देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 153 अंक गिरकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी फिसलकर 25,100 के नीचे चला गया। हालांकि सेंसेक्स और दोनों ने कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ की थी।

अपडेटेड Oct 08, 2025 पर 16:15
Story continues below Advertisement
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में लगातार 4 दिनों की तेजी के बाद आज 8 अक्टूबर को जोरदार मुनाफावसूली देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 153 अंक गिरकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी फिसलकर 25,100 के नीचे चला गया। हालांकि सेंसेक्स और दोनों ने कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ की थी। आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में खरीदारी के चलते निफ्टी एक समय 25,200 के स्तर के करीब पहुंच गया था। हालांकि दोपहर बाद बाजार में बिकवाली देखने को मिली, जिसके चलते बाजार ने अपनी सारी बढ़त खो दी। सेंसेक्स दिन के हाई से करीब 500 अंकों तक फिसल गया।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 153.09 अंक या 0.19% गिरकर 81,773.66 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 62.15 अंक या 0.25% गिरकर 25,046.15 पर बंद हुआ। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.7% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स भी 0.4% फिसला।

सेक्टोरल परफॉर्मेंस
आज के कारोबार में केवल आईटी (1.5%) और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (0.7%) सेक्टर ही मजबूती के साथ बंद हुए। बाकी सभी सेक्टर लाल निशान में रहे। रियल्टी, टेलीकॉम, फार्मा, ऑयल एंड गैस, मीडिया, पीएसयू बैंक और ऑटो इंडेक्स में 0.3% से 2% तक की गिरावट देखने को मिली।

निवेशकों के ₹2.35 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 8 अक्टूबर को घटकर 457.88 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 7 अक्टूबर को 460.23 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 2.35 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.35 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 9 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाइटन (Titan) के शेयरों में 4.38 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इंफोसिस (Infosys), टीसीएस (TCS), एचसीएल टेक (HCL Tech) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयर 1.17 फीसदी से लेकर 2.67 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टाटा मोटर्स (Tata Motors) का शेयर 2.41 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic), अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) और ट्रेंट (Trent) के शेयरों में 1.46 फीसदी से लेकर 1.91 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,330 शेयरों में हुआ कारोबार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,330 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,740 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,435 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 155 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 161 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 144 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।