Automobile Exports : देश से गाड़यों के एक्सपोर्ट में बीते साल यानी 2023 में 21 फीसदी की गिरावट आई है। व्हीकल मैन्युफैक्चरर्स के संगठन सियाम (SIAM) ने आज 14 जनवरी को यह जानकारी दी। सियाम ने कहा है कि कई विदेशी बाजार मॉनेटरी और जियोपॉलिटिकल संकट से जूझ रहे हैं जिससे वाहनों का एक्सपोर्ट घट गया है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल कुल 42,85,809 गाड़ियां भारत से विदेशों में एक्सपोर्ट किए गए, जबकि 2022 में यह आंकड़ा 52,04,966 यूनिट था।
Automobile Exports : सिर्फ पैसेंजर व्हीकल का एक्सपोर्ट बढ़ा
2023 में पैसेंजर व्हीकल का एक्सपोर्ट 5 फीसदी बढ़कर 6,77,956 यूनिट हो गया, जो 2022 में 6,44,842 यूनिट था। हालांकि, कमर्शियल व्हीकल, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर के निर्यात में इस दौरान गिरावट आई।
टू-व्हीलर का निर्यात पिछले साल 20 फीसदी घटकर 32,43,673 यूनिट रह गया, जो 2022 में 40,53,254 यूनिट था। इसी तरह, कमर्शियल व्हीकल का निर्यात 88,305 यूनिट से घटकर 68,473 यूनिट रह गया। थ्री-व्हीलर का निर्यात पिछले साल 4,17,178 यूनिट से 30 फीसदी घटकर 2,91,919 यूनिट रह गया।
SIAM के डायरेक्टर जनरल का बयान
सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने बताया कि 2023 में पैसेंजर व्हीकल निर्यात को नए वाहनों के लॉन्च और दक्षिण अफ्रीका और गल्फ रीजन जैसे बाजारों की मांग से समर्थन मिला था।
Automobile Exports : Maruti Suzuki ने किया सबसे अधिक निर्यात
मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर में मारुति सुजुकी इंडिया ने सबसे अधिक 2,02,786 व्हीकल का निर्यात किया। यह एक साल पहले की समान अवधि के 1,92,071 यूनिट के आंकड़े से छह फीसदी अधिक है। हुंडई मोटर इंडिया ने इस दौरान 1,29,755 गाड़ियों का निर्यात किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 1,19,099 यूनिट था। इस अवधि में किया इंडिया ने 47,792 गाड़ियों का निर्यात किया। वहीं फॉक्सवैगन ने 33,872, निसान ने 31,678, और होंडा कार्स ने 20,262 गाड़ियों का निर्यात किया।