ऑटो इंडस्ट्री के लिए जून एक महत्वपूर्ण महीना रहा। इस महीने में स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल या एसयूवी स्पेस में रिकॉर्ड रोलआउट देखने को मिला। इसमें ग्लोबल सेमीकंडक्टर सप्लाई की कमी को कम होते देखा गया। जिसके परिणामस्वरूप वाहन उत्पादन लगभग सामान्य स्तर पर लौट आया। इससे कारों की बिक्री बढ़ गई। चिप की कमी के कारण संभावित खरीदारों को लंबा इंतजार करना पड़ा था। एसयूवी सेगमेंट की लोकप्रियता के चलते ओईएम या ओरिजनल इक्यूमेंट मैन्युफैक्चरर के कारखानों में एसयूवी की लाइन लगी हुई थी।
ऑटो सेक्टर की मार्केट लीडर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (Maruti Suzuki India Ltd (MSIL) ने जून 2022 में 155,857 गाड़ियों की कुल बिक्री दर्ज की, जो जून 2021 में बेची गई 147,368 गाड़ियों से 5.76 प्रतिशत अधिक है। सालाना आधार पर इसकी कुल घरेलू बिक्री जून 2021 में 130,348 गाडियों के मुकाबले जून 2022 में 1.29 प्रतिशत बढ़कर 132,024 गाड़ियां हो गई।
MSIL ने गाड़ियों की बिक्री की संख्या बताते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की कमी का गाड़ियों के उत्पादन पर "मामूली असर" पड़ा। मुख्य रूप से घरेलू मॉडल पर काफी कम असर दिखाई दिया। कंपनी ने किल्लत के असर को कम करने के लिए हर संभव उपाय किए।
Hyundai Motor India की जून में घरेलू बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 49,001 गाड़िया रही जबकि इन्होंने 13,350 गाड़ियों का निर्यात किया। इस तरह कुल मिलाकर कंपनी ने जून महीने में 62,351 गाड़ियां बेची।
हुंडई मोटर इंडिया के तरुण गर्ग ने कहा, 'सेल्स संख्या में फिर से पॉजिटिव रुझान दिखने लगा है। इसके अलावा हाल ही में लॉन्च हुई हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue) को ग्राहकों द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है।
Tata Motors ने भी पिछले साल जून महीने में हुई कारों बिक्री में 87 प्रतिशत का इजाफा करते हुए इस साल जून महीने में 45,197 गाड़ियों की बिक्री की।
Tata Motors के शैलेश चंद्र ने कहा कि Q1FY23 में पैसेंजर व्हीकल की मांग मजबूत बनी रही। हालांकि चीन में लॉकडाउन के कारण सप्लाई मामूली रूप से प्रभावित रही। चुनौतियों पर काबू पाते हुए टाटा मोटर्स ने जून 2022 में रिकॉर्ड तोड़ मासिक बिक्री और तिमाही (Q1FY23) बिक्री दर्ज की।
Mahindra & Mahindra (M&M) ने भी पिछले साल जून महीने की बिक्री से इस साल जून महीने में 60 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करते हुए 26,620 गाड़ियों की बिक्री की।
M&M के विजय नाकरा ने कहा कि एक्सयूवी700, थार, बोलेरो और एक्सयूवी300 सहित हमारे सभी ब्रांडों की लगातार मजबूत मांग के कारण Q1FY23 में हमने लगातार दूसरी बार सबसे ज्यादा एसयूवी की बिक्री की। हमने जून में 26,620 एसयूवी और कुल मिलाकर 54,096 गाड़ियां बेची। कुल बिक्री में हमने 64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।