Hero MotoCorp Price Hike: भारत की सबसे बड़ी दोपहिया निर्माता हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह 5 अप्रैल से अपनी मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की एक्स-शोरूम कीमतों में 2,000 रुपए तक की बढ़ोतरी करेगी। इसमें कहा गया है कि कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी के असर को आंशिक रूप से ऑफसेट करने के लिए कीमतों में बदलाव की जरूरत है।
Mint के मुताबिक, कंपनी ने एक बयान में कहा, "कीमत में बदलाव 2,000 रुपए तक होगा और बढ़ोतरी की सटीक मात्रा एक विशिष्ट मॉडल और बाजार के अधीन होगी।"
Toyota Kirloskar Motor, Audi, BMW और Mercedes-Benz समेत कई अलग-अलग कंपनियों ने इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण अगले महीने से अपने प्रोडक्ट की कीमतों में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है।
हीरो मोटोकॉर्प की यह घोषणा उस दिन आई है, जब उसके शेयरों में सात प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई थी। यहां गौर करने वाली बात यह कि दावा किया गया कि आयकर विभाग (IT Department) ने कंपनी की तरफ से किए गए 1,000 करोड़ रुपए के फर्जी खर्चों का पता लगाया है।
40 से ज्यादा परिसरों की ली गई तलाशी
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, आई-टी डिपार्टमेंट ने 23 मार्च को हीरो मोटोकॉर्प और उसके चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर पवन मुंजाल की दिल्ली NCR में कई जगहों पर तलाशी और जब्ती अभियान चलाया, जो 26 मार्च को खत्म हुआ।
इस अभियान के तहत दिल्ली NCR में कई अलग-अलग लोकेशन पर फैले 40 से ज्यादा परिसरों की तलाशी ली गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि तलाशी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सबूत हार्ड कॉपी दस्तावेजों और डिजिटल डेटा के रूप में जब्त किए गए थे।
इस सबूत से पता चला है कि ग्रुप ने फर्जी खरीद बुक की है, भारी बेहिसाब नकद खर्च किया है और एकोमोडेशन एंट्री हासिल की हैं, जो कुल मिलाकर 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा है। विभाग को दिल्ली के बाहरी इलाके में एक फार्महाउस की खरीद में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के नकद लेनदेन के सबूत भी मिले हैं।
मुंजाल ने छतरपुर में एक फार्महाउस खरीदा, जहां टैक्स बचाने के लिए फार्महाउस की मार्केट वैल्यू में हेरफेर किया गया और काले धन का इस्तेमाल 100 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश पेमेंट करने के लिए किया गया, जो कि आईटी अधिनियम की धारा 269 SS का उल्लंघन है।
आयकर अधिनियम की धारा 269 SS के अनुसार, अचल संपत्ति का लेन-देन करते समय, अगर विक्रेता ने खरीदार से 20,000 रुपए या उससे ज्यादा की राशि नकद में स्वीकार की है, तो 100% जुर्माना लगाया जाएगा।