iVOOMi S1: देश की इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी iVoomi Energy (आईवूमी एनर्जी) ने S1 इलेक्ट्रिक स्कूटर की नई सीरीज लॉन्च कर दी है। जिसमें S1 80, S1 100 और S1 240 शामिल हैं। Ivoomi S1 लाइन-अप को कई तरह की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपग्रेड किया गया है और इसकी एक्स-शोरूम कीमतें 69,999 रुपये से शुरू होती हैं, जो 1.21 लाख रुपये तक (एक्स-शोरूम) जाती हैं। ये नया वेरिएंट कुल तीन रंगों में आता है। जिसमें पिकॉक ब्लू, नाइट मैरून और डस्की ब्लैक शामिल हैं। इनकी बिक्री 1 दिसंबर से आधिकारिक डीलरशिप पर शुरू हो जाएगी।
हालांकि पिछले S1 मॉडल को भी ग्राहक खरीद सकेंगे। इसके लिए 85,000 रुपये कीमत अदा करनी होगी। इस स्कूटर की खास बात यह है कि सिंगल चार्ज पर 240 किमी तक चला सकते हैं। अगर दावा की गई रेंज सही साबित होती है तो यह भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा रेंज देने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर में शामिल हो जाएगा।
S1 के सभी वेरिएंट्स में तीन ड्राइविंग मोड्स दिए गए हैं। जिसमें इको, राइडर और स्पोर्ट शामिल है। कंपनी का दावा है कि, S1240 की बैटरी महज 3 घंटे में ही 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है। इन फायर रेजिस्टेंट बैटरी पैक पर कंपनी 3 साल की वारंटी भी दे रही है। इसकी टॉप स्पीड 50 से 53 किलोमीटर प्रति घंटा है। महज 3.5 सेकेंड में ही 0 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ती है। वहीं S180 वेरिएंट में कंपनी ने 1.5kWh की क्षमता की बैटरी लगाई है। इसकी ड्राइविंग रेंज 80 किमी है। S1 80 में हब-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर 2.5 kW तक का पावर आउटपुट देता है।
100 फीसदी हो जाएगा फाइनेंस
कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक स्कूटर को आसान किश्तों में फाइनेंस भी करा सकते हैं। इसके लिए आपको हर महीने सिर्फ 2,999 रुपये की मासिक किश्त (EMI) देनी होगी। कंपनी जीरो डाउन पेमेंट के साथ 100 फीसदी फाइनेंस सुविधा भी ऑफर कर रही है।