भारत में 7 सीटर SUV की अच्छी डिमांड है और आए दिन कंपनियां नई-नई SUV ला रही है। जीप इंडिया (Jeep India) ने अपनी तीसरी SUV जीप मेरिडियन को लॉन्च करने का ऐलान कर दिया है। यह 7 सीटर SUV है और इस साल जून तक इसे भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा। तीन कतारों वाली यह SUV विदेशों में जीप कमांडर नाम से बिकती है। मेड इन इंडिया जीप मेरिडियन उसकी देश में सात सीटों वाली पहली SUV कार होगी।
अब इसका भारत में टाटा सफारी, महिंद्रा एक्सयूवी700, मारुति सुजुकी एक्सएल6, एमजी हेक्टर प्लस और अपकमिंग किआ कारेन्स समेत अन्य SUV से मुकाबला होगा। बता दें कि भारत में इस हफ्ते किआ मोटर्स भी अपनी 7 सीटर एसयूवी किआ कारेन्स लॉन्च कर रही है।
जीप ब्रैंड की कार बनाने वाली कंपनी स्टेलंटिस इंडिया (Stellantis India) के CEO और MD रोलैंड बाउचर (Roland Bouchara) ने कहा कि जीप क आइकोनिक ब्रैंड है। ग्लोबल स्तर पर जीप ब्रैंड की पहचान मुख्य रूप से SUV को लेकर है। हम जीप मेरिडियन के जरिए भारत में भी इसे आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जीप मेरिडियन को हमने भारतीय ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसका प्रोडक्शन कंपनी के रंजनगांव स्थित मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट में होगा।
जीप इंडिया के हेड निपुण जे महाजन (Nipun J Mahajan) ने कहा कि इसके प्रदर्शन से लेकर लुक तक को खास तौर से ध्यान दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी ने अपनी नई 7 सीटर SUV जीप मेरिडियन का कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर तरह के इलाके में टेस्ट ड्राइव किया है। इसके परफॉर्मेंस को टेस्ट करने के लिए 5,000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की गई है और यह SUV अपनी अच्छी बिल्ड क्वॉलिटी के साथ ही लुक और फीचर्स समेत अन्य सभी जरूरी मानकों पर खरी उतरी है।
जीप इंडिया का कहना है कि भारतीय बाजार के लिए इस मॉडल की अहमियत को ध्यान में रखते हुए इस गाड़ी के लिए 70 अलग-अलग नामों में से मेरिडियन नाम को चुना गया है। कंपनी ने कहा है कि इस गाड़ी को 2022 के मध्य में उतारा जाएगा और इसके साथ ही कीमतों की घोषणा भी की जाएगी। बता दें कि फिलहाल जीप भारत में कंपस और रेंगलर जैसी धांसू SUV बेचती है।