भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा ने सोमवार को नई स्कॉर्पियो-एन (Mahindra Scorpio-N) लॉन्च किया। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.99 लाख रुपये है। हालांकि कंपनी ने बताया कि यह कीमत सिर्फ शुरुआती 25,000 बुकिंग करने वाले ग्राहकों के लिए है। महिंद्रा ने बताया कि ग्राहक कंपनी की वेबसाइट पर 5 जुलाई से Scorpio-N को अपने कार्ट में ऐड कर सकते हैं। हालांकि इसकी असली बुकिंग 30 जुलाई सुबह 11 बजे से शुरू होगी। अगर डिलीवरी की बात करें तो, ग्राहकों को नई Scorpio N दशहरे-दीपावली के फेस्टिव सीजन के दौरान तक मिलेगी।
नई Scorpio-N न सिर्फ पुराने मॉडल से अधिक बड़ी और क्लासिक लग रही है, बल्कि कंपनी ने इसमें कई नए फीचर्स भी दिए हैं। इसके अलावा महिंद्रा ने पहली बार स्कॉर्पियो के किसी वेरिएंट में सनरूफ फीचर को जोड़ा है। महिंद्रा ने बताया कि Scorpio-N को पांच वेरिएंट में लॉन्च किया जाएगा- Z2, Z4, Z6, Z8, और Z8L। ग्राहक के पास यह चुनने का विकल्प होगा कि वह 6-सीटर गाड़ी चाहता है या 7-सीटर।
यह 4X4 गाड़ी सिर्फ डीजल वेरिएंट में उपलब्ध रहेगी और ग्राहकों मैनुअल व ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन दोनों का विकल्प मिलेगा। इस SUV को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमेटिक यूनिट्स के साथ लॉन्च किया गया है।
इसकी पावर यूनिट की बात करें, तो महिंद्रा स्कॉर्पियो-N को एक 2.0 लीटर mStallion पेट्रोल इंजन और एक 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन के साथ लॉन्च किया जाएगा। नई Scorpio N को पुरानी क्लासिक स्कॉर्पियो से अधिक मार्डन कहा जा सकता है क्योंकि इसे AdrenoX टेक्नोलॉजी के साथ लॉन्च किया गया है।
एड्रेनोएक्स तकनीक पैसेंजर को खिड़की ऊपर/नीचे करने, केबिन तापमान और नेविगेशन को आसानी से कंट्रोल करने की सुविधा देती है। यह तकनीक एलेक्सा के वॉयस कमांड से लैस होती है और इसकी व्हीकल डेटा तक 24X7 पहुंच रहती है। स्कॉर्पियो-एन में नए डुअल-टोन अलॉय व्हील, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, एक इलेक्ट्रिक सनरूफ और एक नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी मिलता है।
नई स्कॉर्पियो के केबिन में डार्क-टैन और ब्लैक कलर्स के साथ डुअल-टोन कलर स्कीम है जो डैशबोर्ड और सीटों पर भी है। इसमें वायरलेस चार्जिंग, मिड यूनिट के साथ डुअल पॉड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और रूफ माउंटेड स्पीकर्स वाले सोनी के 3डी साउंड सिस्टम जैसी खूबियां हैं। इसके अलावा इसमें एक बटन से इंजन ऑन/ऑफ, 6 तरह के ड्राइविंग मोड और छह एयरबैग सहित और भी कई खूबियां शामिल हैं।