ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर मारुति सुजुकी इंडिया ने सितंबर की शुरुआत होते ही कार बायर्स को तोहफा दिया है। कंपनी ने अपनी चुनिंदा कारों की कीमत 6500 रुपये तक घटाने की घोषणा की है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसने Alto K10 और S-Presso के चुनिंदा वेरिएंट के दाम कम किए हैं। नई कीमतें 2 सितंबर से लागू हो गई हैं।
मारुति सुजुकी इंडिया के मुताबिक, S-Presso LXI Petrol की कीमत 2,000 रुपये घटाई गई है। वहीं Alto K10 VXI Petrol के दाम में 6500 रुपये की कटौती की गई है। 2 सितंबर को मारुति सुजुकी का शेयर फ्लैट लेवल पर है। शेयर सुबह बीएसई पर लाल निशान में 12351.10 रुपये पर खुला। लेकिन फिर इसमें तेजी आई और यह पिछले बंद भाव से करीब 1 प्रतिशत तक उछलकर 12524.50 रुपये के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर लगभग फ्लैट रहकर लेकिन हरे निशान में 12424.85 रुपये पर सेटल हुआ।
Maruti Suzuki India की अगस्त में कुल बिक्री 4 प्रतिशत घटकर 1,81,782 यूनिट रही। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 1,89,082 गाड़ियों की बिक्री की थी। अगस्त में घरेलू बाजार में कंपनी की कुल पैसेंजर व्हीकल थोक बिक्री 8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,43,075 यूनिट रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 1,56,114 यूनिट थी। ऑल्टो और एस-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री अगस्त में घटकर 10,648 यूनिट रह गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 12,209 यूनिट थी।
बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस और स्विफ्ट जैसी कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री अगस्त में 20 प्रतिशत घटकर 58,051 यूनिट रह गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 72,451 यूनिट थी। ग्रैंड विटारा, ब्रेजा, एर्टिगा, इनविक्टो, फ्रोंक्स और एक्सएल6 जैसे मल्टी यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री अगस्त में 62,684 यूनिट रही, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 58,746 यूनिट थी।
पिछले महीने ईको की बिक्री 10,985 यूनिट रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 11,859 यूनिट थी। लाइट कमर्शियल व्हीकल सुपर कैरी की बिक्री अगस्त में 2,495 यूनिट रही, जो पिछले साल इसी महीने में 2,564 यूनिट थी। मारुति सुजुकी ने कहा कि अगस्त में उसका निर्यात बढ़कर 26,003 यूनिट हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में 24,614 यूनिट था।