Maruti Suzuki India बाजार से वापस लेगी करीब 20,000 Eeco गाड़ी, व्हील रिम के आकार की गलत मार्किंग को सुधारेगी कंपनी

मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा कि कुछ गाड़ियों के पहिये पर रिम के आकार की गलत मार्किंग में सुधार के लिए, उन्हें वापस लिया जा रहा है

अपडेटेड Apr 06, 2022 पर 7:54 PM
Maruti Suzuki India बाजार से वापस लेगी करीब 20,000 Eeco गाड़ी

मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) ने बुधवार को कहा कि वह व्हील रिम के आकार की गलत मार्किंग को ठीक करने के लिए अपनी ईको वैन (Eeco van) की 19,731 यूनिट्स को बाजार से वापस लेगी।

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसने एक रेगुलर इंस्पेक्शन में पाया कि 19 जुलाई, 2021 और पांच अक्टूबर, 2021 के बीच बनी ईको की कुछ गाड़ियों में व्हील रिम के आकार को गलत तरीके से मार्क किया गया था।

मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा कि इनमें से कुछ गाड़ियों के पहिये पर रिम के आकार की गलत मार्किंग में सुधार के लिए, उन्हें वापस लिया जा रहा है।


ऑटोमेकर ने कहा, "इस गड़बड़ी का गाड़ी की परफॉर्मेंस, सुरक्षा या पर्यावरण पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।"

आपकी गाड़ी वापस जाएगी या नहीं?

मारुति के ग्राहक कंपनी की वेबसाइट पर अपनी गाड़ी का चेसिस नंबर भरकर चेक कर सकते हैं कि क्या उनके वाहन को इस तरह के किसी सुधार की जरूरत है या नहीं।

कंपनी ने कहा कि अगर व्हील रिम साइज मार्किंग गलत पाई जाती है, तो व्हीकल इंस्पेक्शन और जरूरी सुधारों के लिए मारुति सुजुकी ऑथोराइज्ड वर्कशॉप से वाहन मालिकों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

मारुति बढ़ाएगी अपनी गाड़ियों के दाम, यहां जानें कितने बढ़ेंगे सभी मॉडल पर रेट

इस बीच खबर आई कि सेल के हिसाब से देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपने अलग-अलग मॉडल पर रेट बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, रेट कितने बढ़ाए जाएंगे इस बारे में कोई भी जानकारी कंपनी ने नहीं दी है। ये भी नहीं बताया गया कि नए रेट कब से लागू होंगे।

रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि पिछले एक साल में इनपुट कॉस्ट के कारण कंपनी की गाड़ियों की कीमतों पर असर पड़ा है। अब कंपनी के लिए यह जरूरी हो गया है कि बढ़ी हुई लागत के असर को कम करने के लिए गाडियों की कीमत बढ़ाई जाए। कंपनी ने कहा कि उसने अप्रैल 2022 में कीमतों की बढ़ोतरी की योजना बनाई थी और ये मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।