Maruti Suzuki News: जापान की ऑटो कंपनी सुजुकी मोटर की भारतीय इकाई अपना पहला इलेक्ट्रिक वीईकल टोयोटा मोटर को सप्लाई करेगी। इन दोनों ने बुधवार को अपने बयान में ये बाते कही हैं। ग्रीन वीईकल्स के लिए दोनों कंपनियों ने पहली बार हाथ मिलाया है। इससे पहले सुजुकी और टोयोटा ने तेल से चलने वाली गाड़ियों के लिए हाथ मिलाया था। दोनों कंपनियों की तरफ से जारी बयान के मुताबिक इस इलेक्ट्रिक वीइकल को सुजुकी, टोयोटा और Daihatsu Motor ने मिलकर तैयार किया है। इसका प्रोडक्शन मारुति सुजुकी गुजरात में स्थित प्लांट में अगले साल 2025 में शुरू करेगी। मारुति सुजुकी में मेजॉरिटी हिस्सेदारी सुजुकी मोटर की है।
Maruti Suzuki अभी नहीं बेचती है कोई EV
सुजुकी और टोयोटा ने जिस ईवी के लिए हाथ मिलाया है, उसे मारुति सुजुकी गुजरात के प्लांट में तैयार करेगी। हालांकि मार्केट शेयर के हिसाब से देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी अभी तक भारत और दुनिया भर में, कहीं भी इलेक्ट्रिक कार नहीं बेचती है। हालांकि यह टोयोटा की भारतीय यूनिट के बनाए हुए हाईब्रिड गाड़ियों की बिक्री जरूर करती है। मारुति सुजुकी की योजना गुजरात प्लांट में चौथा प्रोडक्शन लाइन जोड़ने की है जिसकी क्षमता सालाना 2.50 लाख यूनिट्स की होगी। इसे सिर्फ ईवी के लिए ही जोड़ा जाएगा।
2026 तक लॉन्च होगा नया ईवी
सुजुकी और टोयोटा ने जिस ईवी के लिए हाथ मिलाया है, वह स्पोर्ट्स यूटिलिटी वीइकल (SUV) होगा। इसमें 60 किलोवॉट घंटे का बैटरी पैक होगा। हालांकि इसकी रेंज का अभी खुलासा नहीं हुआ है। टोयोटा के प्रवक्ता के मुताबिक इसे 2026 में लॉन्च किया जाएगा। इसे फिलहाल गुजरात में ही बनाने की योजना है और किसी प्लांट में नहीं। टोयोटा ने इस साल के शुरुआती नौ महीने में दुनिया भर में 1.08 लाख से अधिक ईवी बेची थी जो इसकी वैश्विक सेल्स का 1.5 फीसदी है।