उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की वापसी होगी और जाट भाजपा के साथ बने रहेंगे। वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने यह उम्मीद जताई है। उनका मानना है कि यूपी की योगी सरकार (Yogi Government) ने कानून और व्यवस्था की स्थिति में बड़ा बदलाव लाया है। साथ ही खूब विकास किया है। इंडिया में टेस्ला (Tesla) की एंट्री के बारे में उन्होंने कहा कि भारत में कंपनी का स्वागत है। लेकिन, चीन में उत्पादन करने और इंडिया में बेचने के एलन मस्क (Elon Musk) के आइडिया को हमें गंवारा नहीं है। सीएनएन-न्यूज18 के साथ बातचीत में उन्होंने बिजनेस, अर्थव्यवस्था से लेकर राजनीति के मसलों पर खुलकर चर्चा की। यहां पेश है इंटरव्यू की मुख्य बातें।
विपक्ष उत्तर प्रदेश में इस बार बदलाव की बात कर रहा है, भाजपा की सत्ता में वापसी के बारे में आप क्या कहेंगे?
मुझे पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में हम बहुमत हासिल करने में कामयाब रहेंगे। इसकी वजह यह है कि अगर आप आज की स्थिति की तुलना पहले के टाइम से करें तो आपको कई बदलाव दिखेंगे। सपा के शासनकाल में यूपी में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुता खराब थी। राज्य में गुंडाराज खत्म करने का श्रेय योगी आदित्यनाथ को जाता है। आज आम लोगों का भरोसा योगी में है और इसका 100 फीसदी मतलब है कि बीजेपी यूपी में जीतने जा रही है।
दूसरी, अहम बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी की डबल इंजन वाली सरकार ने यूपी में जबर्दस्त विकास किया है। जहां तक रोड इंफ्रा का सवाल है तो मैं यूपी के लोगों से वादा कर चुका हूं कि हम 5 साल में राज्य की सड़के अमेरिका के स्टैंडर्ड की बना देंगे। मैं लोगों को हमेशा अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन बाइडेन के बयान के बारे में बताता हूं कि अमेरिका में सड़के इसलिए अच्छी नहीं हैं कि अमेरिका अमीर है, बल्कि अमेरिका इसलिए अमीर है, क्योंकि वहां की सड़के अच्छी हैं। इसलिए रोड के रास्ते समृद्धि आएगी। कृषि की बात करें तो यूपी में बड़ी संख्या में किसान गन्ने की खेती करते हैं। बायोफ्यूल और इथेनॉल पॉलिसी के चलते अब शुगर मिल्स फायदे में आ रहे हैं। सरकार की मदद से किसानों को गन्ने का पैसा मिल रहा है, जिसमें पहले देर होती थी। शुगर मिल्स की तरफ से किसानों को एक लाख करोड़ रुपये का पेमेंट किया गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
टेस्ला पर एलन मस्क के ट्वीट की बहुत चर्चा हो रही है। इंडिया में टेस्ला की एंट्री के रास्ते में रियल प्रॉब्लम क्या है?
टेस्ला का इंडिया में स्वागत है। हमें कोई प्रॉब्लम नहीं है। अब इंडिया मार्केट बहुत बड़ा हो चुका है। इंडियन ऑटो इंडस्ट्री का टर्नओवर 7.5 लाख करोड़ रुपये है। दुनिया के सभी प्रतिष्ठित ब्रांड्स-बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, ह्युडंई, टोयोटा, वोल्वो, होंडा यहां मौजूद हैं। अब उनकी (एलन मस्क) का प्लान चीन में टेस्ला की कारें बनाने और उन्हें इंडिया में बेचने की है। हमने उनसे गुजारिश की है कि वह यहां अपना प्लांट शुरी कर सकते हैं। यहां सभी तरह का सपोर्ट उपलब्ध है। इसलिए अगर आप यहां मैन्युफैक्चरिंग शुरू कर सकते हैं तो आपका स्वागत है। लेकिन, चीन में उत्पादन करने और इंडिया में बेचने का कॉन्सेप्ट हमें मंजूर नहीं है।
क्या इस बारे में बातचीत बढ़ी है?
महज 3-4 दिन पहले मेरी मुलाकात इंडिया में टेस्ला के प्रमुख से हुई थी। मैंने उन्हें अपनी सोच बताने की कोशिश की है। अब यह उनके ऊपर है कि वह क्या फैसला लेते हैं।
लेकिन, टेस्ला ने यह कहा है कि यहां पर्याप्त टैक्स बेनेफिट नहीं है?
दरअसल, हमारे यहां एक कंपनी नहीं है- दुनिया की सभी बड़ी कंपनियां यहां मौजूद हैं। अगर हम एक कंपनी को बेनेफिट देते हैं तो हमें दूसरी कंपनिों को भी वह बेनेफिट देना होगा। यही रियल प्रॉब्लम है।