फरवरी में Ola Electric के टू-व्हीलर EV रजिस्ट्रेशन में रिकॉर्ड 100 पर्सेंट की बढ़ोतरी

ओला इलेक्ट्रिक ने फरवरी में रिकॉर्ड 35,000 रजिस्ट्रेशन हासिल किए हैं। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल टू-व्हीलर सेगमेंट में उसका मार्केट शेयर 42 पर्सेंट है और इस तरह इस सेगमेंट में कंपनी का दबदबा कायम है। कंपनी के मुताबिक, फरवरी में उसके रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 100 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई

अपडेटेड Mar 01, 2024 पर 7:49 PM
बेंगलुरु की इस स्टार्टअप कंपनी ने फरवरी में बैटरी वाले अपने स्कूटरों की कीमतों में 25,000 रुपये तक की कटौती का ऐलान किया था।

ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) ने फरवरी में रिकॉर्ड 35,000 रजिस्ट्रेशन हासिल किए हैं। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल टू-व्हीलर सेगमेंट में उसका मार्केट शेयर 42 पर्सेंट है और इस तरह इस सेगमेंट में कंपनी का दबदबा कायम है। कंपनी के मुताबिक, फरवरी में उसके रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 100 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई। ओला इलेक्ट्रिक का कहना है कि पिछले 3 महीनों में उसे तकरीबन 1,00,000 रजिस्ट्रेशन मिले हैं। दिसंबर, जनवरी और फरवरी में उसे लगातार 30,000 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन मिले हैं।

ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अंशुल खंडेलवाल ने बताया, 'हमें अपने रजिस्ट्रेशन और मार्केट शेयर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और हमने मार्केट में अपनी लीडरशिप पोजिशन बरकरार रखी है।' खंडेलवाल ने इस सफलता का श्रेय ओला इलेक्ट्रिक के S1 स्कूटर पोर्टफोलियो और बेहतर क्वॉलिटी वाले इलेक्ट्रिक व्हीकल को लेकर ग्राहकों के बढ़ते रुझान को दिया।

बेंगलुरु की इस स्टार्टअप कंपनी ने फरवरी में बैटरी वाले अपने स्कूटरों की कीमतों में 25,000 रुपये तक की कटौती का ऐलान किया था। इस महीने के आखिर तक कंपनी के S1 प्रो, S1 एयर और S1 X+ की कीमत क्रमशः 1,29,999 रुपये, 1,04,999 रुपये और 84,999 रुपये थी। कीमतों में कटौती के साथ-साथ ओला इलेक्ट्रिक अब सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम के भी योग्य हो गई है। फिलहाल, कंपनी के S1 एयर और S1 प्रो मॉडलों को PLI सर्टिफिकेशन मिला है।


दिसंबर में ओला इलेक्ट्रिक ने मार्केट रेगुलेटर सेबी को ड्राफ्ट रेड हरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) सौंपा था। उसकी योजना नए शेयरों और ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिये 7,250 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी इसमें से 1,226 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर और 800 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।