ऑटो मोबाइल डीलरों के संगठन FADA ने मंगलवार को कहा है कि मार्च महीने में घरेलू पैसेंजर व्हीकल रिटेल बिक्री सालाना आधार पर 4.87 फीसदी घटकर 2,71,358 यूनिट पर रही है। FADA ने यह भी बताया है कि मार्च 2021 में घरेलू बाजार में पैसेंजर व्हीकल बिक्री 2,85,240 यूनिट पर रही थी।
FADA के प्रेसिडेंट विंकेश गुलाटी (Vinkesh Gulati) ने कहा है कि बाजार में पैसेंजर डिमांड हाई लेवल पर बनी हुई है। सेमी कंडक्टर की सप्लाई में अभी भी मुश्किलें कायम हैं। इसलिए वाहन खरीदारों को लंबे वेटिंग पीरियड का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पिछले महीने के तुलना में सप्लाई की स्थिति में थोड़ा सुधार आया है।
उन्होंने आगे कहा कि रूस-यूक्रेन वार और चीन में लागू लॉकडाउन सेमी कंडक्टर के सप्लाई पर फिर से अपना असर दिखा सकते हैं। जिससे व्हीकल की डिलीवरी में मुश्किलें आ सकती हैं।
FADA के मुताबिक मार्च महीने में टू-व्हीलर की बिक्री सालाना आधार पर 4.02 फीसदी की गिरावट के साथ 11,57,681 यूनिट पर रही जो कि 1 साल पहले यानी मार्च 2021 में 12,06,191 यूनिट पर रही थी।
इस पर FADA के विंकेश गुलाटी ने कहा कि रूलर डिमांड में कमजोरी के चलते टू-व्हीलर सेगमेंट पहले से ही दबाव में है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण टू-व्हीलर की बिक्री में और गिरावट देखने को मिली है।
FADA के मुताबिक कर्मशियल व्हीकल की बिक्री सालाना आधार पर 14.91 फीसदी बढ़कर 77,938 यूनिट पर रही है जो कि पिछले साल यानी मार्च 2021 में 67,828 यूनिट पर रही थी। मार्च 2022 में थ्री व्हीलर की बिक्री में भी सालाना आधार पर 26.61 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह48,284 यूनिट पर रही है जबकि मार्च 2021 में 38,135 यूनिट पर रही थी।
मार्च महीने में देश में कुल रिटेल वाहन बिक्री में 2.87 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है और यह 16,19,181 यूनिट पर रही है जबकि मार्च 2021 में यह आंकड़ा 16,66,996 यूनिट का था।