Tata Motors ने लॉन्च किया 'शोरूम ऑन व्हील्स', अब घर पर कार खरीदने का मिलेगा 'अनुभव'

टाटा मोटर्स लिमिटेड ने गुरुवार को एक चलता-फिरता शोरूम (Showroom on Wheels) लॉन्च किया, जिसे "अनुभव" नाम दिया गया है

अपडेटेड Mar 03, 2022 पर 4:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टाटा मोटर्स की नई पहल का मकसद ग्रामीण ग्राहकों को उनके घर पर कार खरीदने का अनुभव उपलब्ध कराना है

दिग्गज भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड (Tata Motors Ltd) ने गुरुवार को एक चलता-फिरता शोरूम (Showroom on Wheels) लॉन्च किया, जिसे "अनुभव (Anubhav)" नाम दिया गया है। कंपनी ने इसे ग्रामीण भारत तक अपनी पहुंच बढ़ाने के इरादे से लॉन्च किया है। इस चलते-फिरते शोरूम के जरिए कंपनी तहसील और तालुकों तक पहुंचेगी और ग्रामीण ग्राहकों को उनके दरवाजे पर ही कार खरीदने का अनुभव मुहैया कराएगी।

चलते-फिरते शोरूम (Mobile Showroom) मतलब यह है कि कंपनी एक वाहन को अपने शोरूम के स्टाइल में डिजाइन करेगी और उसे लेकर ग्रामीण भारत के इलाकों में पहुंचेगी। टाटा मोटर्स ने "अनुभव" स्कीम के तहत 103 वाहनों पर ऐसे चलते-फिरते शोरूम तैयार किए हैं। ये शोरूम ग्रामीण भारत में टाटा मोटर्स के ब्रांड को लेकर जागरुकता फैलाने में मदद करेंगे।

ये चलते-फिरते शोरूम मौजूदा डीलर्स को ग्राहकों के घर पर बिक्री का अनुभव मुहैया कराने और टाटा मोटर्स के प्रोडक्ट के बारे में जानकारी देने में मदद करेंगे। इन प्रोडक्ट में कार और एसयूवी की नई रेंज के अलावा, एक्सेसरीज, विभिन्न फाइनेंस स्कीम के फायदा उठाना, टेस्ट ड्राइव बुक करना और एक्सचेंज के लिए मौजूदा कारों का वैल्यूएशन आदि शामिल है।


यह भी पढ़ें- कोयला, जिंक, कॉपर, एलुमीनियम की कीमतें आसमान पर, चीजें महंगी होने से बिगड़ेगा आपका बजट

टाटा मोटर्स का कहना है कि ये चलते-फिरते शोरूम कंपनी की कारों, फाइनेंस स्कीम्स, एक्सचेंज ऑफर आदि के बारे में जानकारी चाहने वाले ग्रामीण ग्राहकों के लिए वन स्टॉप सॉल्यूशन होंगे। साथ ही ये ग्राहकों तक पहुंच को और बेहतर बनाने के लिए अहम कंज्यूमर डेटा भी मुहैया कराएंगे।

टाटा मोटर्स में पैसेंजर व्हीकल्स सेगमेंट के वाइस प्रेसिडेंट राजन अंबा ने बताया कि भारत में बेचे जाने वाले कुल पैसेंजर व्हीकल्स में ग्रामीण भारत का 40 फीसदी योगदान है।

अनुभव शोरूम की खासियत

टाटा मोटर्स के इन चलते-फिरते शोरूम को कंपनी के विश्वसनीय मॉडल टाटा इंट्रा वी10 पर विकसित किया गया है। ये सभी शोरूम जीपीएस ट्रैकर से लैस हैं और इन्हें संबंधित डीलरशिप के मार्गदर्शन में तहसील और तालुकों में भेजा जाएगा। हर महीने इन शोरूम के लिए अलग-अलग रूट तैयार किया जाएगा, जिससे ये अधिक से अधिक इलाकों तक पहुंच सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।