Uber ने भारत में पूरा किया 10 साल का सफर, ड्राइवरों ने इस प्लैटफॉर्म पर कमाए 50,000 करोड़ से भी ज्यादा

भारत में उबर की शुरुआत कुछ शहरों के साथ हुई और अब यह देश के कुल 125 शहरों में अपनी सर्विस मुहैया करा रही है। इस तरह करोड़ों लोग कुछ मिनट के भीतर अपनी यात्रा के लिए बुकिंग कर सकते हैं। साथ ही, इससे 8 लाख ड्राइवरों को रोजगार हासिल करने में मदद मिली है

अपडेटेड Aug 30, 2023 पर 6:45 PM
पिछले 10 साल में उबर ऐप के जरिये 30 लाख ड्राइवरों ने कमाई की।

किराए पर कार उपलब्ध कराने वाले ऐप उबर (Uber) का कहना है कि भारत में 2013 से लेकर अब तक उसके प्लैटफॉर्म से जुड़े ड्राइवर 50,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की कमाई कर चुके हैं। भारत में उबर की सर्विस के 10 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर कंपनी की तरफ से जारी रिलीज में कहा गया है, 'इस अवधि में उबर के ड्राइवरों ने 3,300 करोड़ किलोमीटर से भी ज्यादा कार चलाई, जो 86,000 बार पृथ्वी से चंद्रमा तक की यात्रा करने के बराबर है।'

उबर इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट प्रभजीत सिंह ने कहा कि भारत की मजबूत डेमोग्राफी और डिजिटल इकनॉमी में लगातार विस्तार को देखते हुए कहा जा सकता है कि भारत में कंपनी का भविष्य बेहतर है। साथ ही, कंपनी भारत की टेक्नोलॉजी संबधी सपनों को पूरा करने में अपना योगदान जारी रखेगी।

भारत में एक दशक की अपनी यात्रा पूरी करने के मौके पर उबर ने बताया कि इस दौरान भारत में उबर के ट्रिप की कुल संख्या 300 करोड़ रही। कंपनी की प्रेस रिलीज में कहा गया है, 'पिछले 10 साल में भारत में उबर प्लैटफॉर्म के जरिये ड्राइवरों ने 50,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की कमाई की।' कंपनी ने एक और आंकड़ा पेश करते हुए बताया, ' पिछले 10 साल में उबर ऐप के जरिये 30 लाख ड्राइवरों ने कमाई की।'


भारत में उबर की शुरुआत कुछ शहरों के साथ हुई और अब यह देश के कुल 125 शहरों में अपनी सर्विस मुहैया करा रही है और इस तरह करोड़ों लोग कुछ मिनट के भीतर अपनी यात्रा के लिए बुकिंग कर सकते हैं। साथ ही, इससे 8 लाख ड्राइवरों को रोजगार हासिल करने में मदद मिली है।

भारत में अपने कारोबारी सफर को याद करते हुए उबर ने बताया कि भारत में उसने कई इनोवेशन किए और यहां के ड्राइवरों और मुसाफिरों को ध्यान में रखते हुए कई उपायों पर अमल किया। उबर के बयान में कहा गया, 'कैश पेमेंट और क्षेत्रीय भाषाओं की सुविधा शुरू करने से लेकर सुरक्षा से जुड़े फीचर्स की शुरुआत करने तक, उबर ने अपने यूजर्स को बेहतर अनुभव के लिए हरमुमकिन कोशिश की है। '

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।