अमेरिका (US) ने लंबी दूरी के मिसाइल कार्यक्रम सहित पाकिस्तान (Pakistan) के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए मिसाइल-अप्लीकेबल आइटम्स की आपूर्ति करने के लिए चीन (China) की तीन और बेलारूस (Belarus) की एक कंपनी पर प्रतिबंध लगाया है। ऐसा स्टेट डिपार्टमेंट (अमेरिकी विदेश मामले विभाग) ने बताया। इन कंपनियों में चीन की शीआन लॉन्गडे टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट (Xian Longde Technology Development), तियानजिन क्रिएटिव सोर्स इंटरनेशनल ट्रेड (Tianjin Creative Source International Trade), ग्रैनपेक्ट कंपनी लिमिटेड (Granpect Co. Ltd) और बेलारूस की मिन्स्क व्हील ट्रैक्टर प्लांट (Minsk Wheel Tractor Plant) शामिल हैं।
ये संस्थाएं ऐसी गतिविधियों या लेन-देन में लगी हुई हैं, जिन्होंने सामूहिक विनाश के हथियारों या उनके वितरण के साधनों के प्रसार में भौतिक रूप से योगदान दिया है या भौतिक रूप से योगदान देने का जोखिम पैदा किया है। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने शुक्रवार को कहा, इन गतिविधियों में पाकिस्तान द्वारा इन आइटम्स निर्माण, अधिग्रहण, स्वामित्व, विकास, परिवहन और ट्रांसफर का प्रयास किया जाना शामिल है।
मिलर ने कहा कि अमेरिका चिंताजनक प्रसार गतिविधियों का समर्थन करने वाले खरीद नेटवर्क को बाधित करने पर कार्रवाई करते हुए वैश्विक अप्रसार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
चीन, इस मामले में पाकिस्तान का सदाबहार सहयोगी रहा है। इस्लामाबाद के सैन्य आधुनिकीकरण कार्यक्रम के लिए हथियारों और रक्षा उपकरणों का मुख्य आपूर्तिकर्ता भी रहा है।
मिन्स्क व्हील ट्रैक्टर प्लांट ने पाकिस्तान के लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए विशेष वाहन चेसिस की आपूर्ति की।
विदेश विभाग की फैक्टशीट के अनुसार, ऐसी चेसिस का उपयोग पाकिस्तान के नेशल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स (NDC) द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों के लिए लॉन्च सपोर्ट उपकरण के रूप में किया जाता है। ये मिसाइल टेक्नोलॉजी कंट्रोल रिजीम कैटेगरी (MTCR) I बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास के लिए जिम्मेदार है।
शीआन लॉन्गडे टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड ने पाकिस्तान के लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए फिलामेंट वाइंडिंग मशीन सहित मिसाइल से संबंधित उपकरण की आपूर्ति की, जिसके बारे में हमारा आकलन है कि यह NDC के लिए नियत था।
रॉकेट मोटर केस बनाने के लिए फिलामेंट वाइंडिंग मशीनों का उपयोग किया जा सकता है।
तियानजिन क्रिएटिव सोर्स इंटरनेशनल ट्रेड कंपनी लिमिटेड ने पाकिस्तान के लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए मिसाइल से संबंधित उपकरणों की आपूर्ति की, जिसमें स्टिर वेल्डिंग उपकरण (संयुक्त राज्य अमेरिका के आकलन के मुताबिक इसका उपयोग अंतरिक्ष प्रक्षेपण वाहनों में उपयोग किए जाने वाले प्रोपेलैंट टैंक के निर्माण के लिए किया जा सकता है) और एक लीनियर एक्सीलरेटर सिस्टम (संयुक्त राज्य अमेरिका के आकलन के मुताबिक इसका उपयोग सॉलिड रॉकेट मोटर्स के निरीक्षण में किया जा सकता है) शामिल हैं।
तियानजिन क्रिएटिव की खरीद संभवतः पाकिस्तान के स्पेस एंड अपर एटमॉस्फियर रिसर्च कमीशन (SUPARCO) के लिए नियत की गई थी, जो पाकिस्तान की MTCR श्रेणी I बैलिस्टिक मिसाइलों का विकास और उत्पादन करता है।
ग्रैनपेक्ट कंपनी ने बड़े-व्यास वाले रॉकेट मोटर्स के परीक्षण के लिए उपकरणों की आपूर्ति के लिए पाकिस्तान के SUPARCO के साथ काम किया।
इसके अलावा, ग्रैनपेक्ट कंपनी लिमिटेड ने पाकिस्तान के NDC को बड़े-व्यास वाले रॉकेट मोटर्स के परीक्षण के लिए उपकरणों की आपूर्ति करने के लिए भी काम किया।