US Midterm Results Highlights: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की आंधी! ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन की करारी हार, भारतीय-अमेरिकियों ने जीतीं अहम सीटें

US Midterm Election Results 2026: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका देते हुए देश के मतदाताओं ने बहुचर्चित मिडटर्म चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद के उच्च सदन सीनेट का नियंत्रण सौंप दिया। डेमोक्रेट ने कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर भी जीत दर्ज की। इन नतीजों का असर न केवल अमेरिका, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है

अपडेटेड Nov 04, 2026 पर 4:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
US Midterm Election Results 2026 Live: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति के कार्यकाल के बीच में होते हैं

US Midterm Election Results 2026: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका देते हुए देश के मतदाताओं ने मंगलवार 3 नवंबर को हुए बहुचर्चित मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद के उच्च सदन सीनेट का कंट्रोल सौंप दिया। डेमोक्रेट ने कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर भी जीत दर्ज की। इन नतीजों का असर न केवल अमेरिका, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल सकता है। रिपब्लिकन पार्टी को अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले टेक्सास, जॉर्जिया और आयोवा जैसे राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां उसने डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों गवर्नर के पद गंवा दिए। इसके अलावा टेक्सास, मेन, साउथ कैरोलिना, नॉर्थ कैरोलिना, कंसास और आयोवा में सीनेट की सीट पर भी पार्टी को झटका लगा। ट्रंप ने इन राज्यों के मतदाताओं से यह कहते हुए मतदान की अपील की थी कि मानो वह खुद चुनावी मैदान में हैं।

रिपब्लिकन पार्टी की इस बड़ी हार की मुख्य वजह ट्रंप की नीतियों के प्रति लोगों में व्याप्त असंतोष को माना जा रहा है। खासकर ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसके कारण जीवन-यापन की लागत और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। मतदान केंद्रों पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कई मतदाताओं ने ट्रंप के बयानों, बड़े-बड़े दावों और उनकी कार्यशैली से पैदा हुई नाराजगी को रिपब्लिकन पार्टी के प्रति मोहभंग का मुख्य कारण बताया।

प्रतिनिधि सभा में भी रिपब्लिकन पार्टी अपना बहुमत गंवाती दिखी


प्रतिनिधि सभा में भी रिपब्लिकन पार्टी अपना बहुमत गंवाती दिखी। उन्होंने कहा कि उन्हें साउथ कैरोलिना की रिपब्लिकन सीनेटर डार्लिन ग्राहम और टेक्सास के रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन जैसे उम्मीदवारों का समर्थन करने का कोई अफसोस नहीं है। केन पैक्सटन की जेम्स टेलरिको से हार के साथ ही टेक्सास लगभग 40 वर्षों में पहली बार किसी डेमोक्रेट को सीनेट में भेज रहा है। डार्लिन ग्राहम, ट्रंप के वफादार रहे दिवंगत लिंडसे ग्राहम की बहन हैं। इस वर्ष की शुरुआत में लिंडसे के निधन के बाद उन्हें उनका शेष कार्यकाल पूरा करने के लिए सीनेटर नियुक्त किया गया था।

निवर्तमान सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 और डेमोक्रेट के पास 47 सीट थीं। स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात डेढ़ बजे तक डेमोक्रेट 53 सीट जीतकर सीनेट पर नियंत्रण हासिल कर चुके हैं। वहीं, रिपब्लिकन की सीट घटकर 41 रह गई, जबकि छह सीट पर नतीजे आना बाकी हैं। मौजूदा प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के 220 और डेमोक्रेटिक पार्टी के 215 सदस्य हैं। हालांकि, ताजा चुनाव नतीजों के बाद यहां भी सत्ता का समीकरण बदलता दिखाई दे रहा है।

नॉर्थ कैरोलिना से हुई फेरबदल की शुरुआत

फेरबदल की सबसे पहले शुरुआत नॉर्थ कैरोलिना से हुई जब डेमोक्रेट रॉय कूपर ने रिपब्लिकन माइकल व्हैटली को हरा दिया। जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स इतिहास रचते हुए राज्य की पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनीं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार रिक जैक्सन को हराया। आयोवा में डेमोक्रेट रॉब सैंड ने रिपब्लिकन जैक लाहन को हराकर गवर्नर का पद जीत लिया। वहीं, टेक्सास में डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा ने निवर्तमान गवर्नर ग्रेग एबॉट को शिकस्त दी। इसके साथ ही वह टेक्सास में गवर्नर पद पर चुनी गई पहली लातिन अमेरिकी महिला बन गईं।

ये भी पढ़ें- Aber Kawas: कौन हैं अबर कवास? न्यूयॉर्क की पहली फिलिस्तीनी-अमेरिकी और हिजाब पहनने वाली महिला बनीं स्टेट सीनेटर

एडम हैमिल्टन ने रचा इतिहास

कंसास में पादरी एवं नेता एडम हैमिल्टन ने करीब 100 वर्षों में पहली बार डेमोक्रेट के लिए सीनेट की सीट जीतकर इतिहास रच दिया। ओहायो में रिपब्लिकन जॉन हस्टेड, डेमोक्रेट शेरॉड ब्राउन से सीनेट की सीट हार गए। जेडी वेंस के उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद हस्टेड को इस सीट पर नियुक्त किया गया था। जॉर्जिया में डेमोक्रेट सीनेटर जॉन ओसॉफ दोबारा निर्वाचित हुए जिन्हे 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है।

10 में से 6 मतदाता ट्रंप के कामकाज से असंतुष्ट

'एसोसिएटेड प्रेस' के एक सर्वेक्षण के अनुसार, करीब 10 में से छह मतदाता ट्रंप के कामकाज से असंतुष्ट हैं। लगभग 70 प्रतिशत मतदाता चाहते हैं कि संसद राष्ट्रपति की शक्तियों पर अधिक नियंत्रण और संतुलन बनाए रखे। वहीं, करीब 10 में से छह मतदाताओं का मानना है कि ट्रंप देश के हितों की तुलना में अपने निजी हितों को अधिक प्राथमिकता देते हैं। इन नतीजों से ट्रंप की अपनी मर्जी से सरकार चलाने की क्षमता पर काफी अंकुश लग सकता है, क्योंकि अमेरिकी संसद के पास राष्ट्रपति के फैसलों को रोकने के व्यापक अधिकार हैं। अब ट्रंप के पास अपने फैसलों को लागू करने के लिए शासकीय आदेश जारी करने या संसद से पारित विधेयकों पर वीटो का इस्तेमाल करने का विकल्प ही बचेगा।

महंगाई, स्वास्थ्य खर्च और नौकरियों का मुद्दा हावी

चुनाव में आर्थिक स्थिति मतदाताओं के लिए सबसे अहम मुद्दों में शामिल रही। किराना सामान, फ्यूल और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ाई है। इसके अलावा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नौकरियों के नुकसान का मुद्दा भी चुनावी बहस में शामिल रहा। ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे हैं कि महंगाई पर नियंत्रण पाया जा चुका है, लेकिन डेमोक्रेट्स का कहना है कि आम लोगों को रोजमर्रा के खर्च में राहत नहीं मिली है। इमिग्रेशन नीति भी रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनौती बनती दिख रही है। चुनावी सर्वे में ट्रंप प्रशासन की आव्रजन नीतियों का विरोध करने वाले मतदाताओं की संख्या समर्थन करने वालों से अधिक बताई गई है। ऐसे में रिपब्लिकन पार्टी को उन इलाकों में समर्थन कम होने की चिंता है, जहां प्रवासी आबादी अधिक है। लैटिन अमेरिकी मूल के मतदाता भी इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में इस समुदाय के कई मतदाताओं ने ट्रंप का समर्थन किया था। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मिडटर्म चुनाव में उनका रुख किस पार्टी की ओर रहता है।

ट्रंप के लिए क्यों अहम हैं ये चुनाव?

मिडटर्म चुनाव में अगर डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा या सीनेट में बहुमत हासिल कर लेते हैं, तो ट्रंप प्रशासन के सामने कई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। विपक्षी पार्टी को प्रशासन की नीतियों की जांच करने, सरकारी फैसलों पर सवाल उठाने और राष्ट्रपति के विधायी एजेंडे के कुछ हिस्सों को रोकने की अधिक ताकत मिल जाएगी। इसके उलट अगर रिपब्लिकन पार्टी दोनों सदनों में अपना नियंत्रण बनाए रखती है, तो ट्रंप को अपनी प्राथमिकताओं को लागू करने में आसानी होगी। ट्रंप पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि अगर डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाली संसद कोई कानून पारित करती है, तो वह उस पर वीटो कर सकते हैं। इसलिए इन चुनावों का असर केवल संसद की सीटों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बाकी दो वर्षों की राजनीतिक दिशा भी इससे प्रभावित हो सकती है।

ये भी पढ़ें- राजस्थान के श्रीगंगानगर में ट्रेन उड़ाने की साजिश नाकाम! पाकिस्तान सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर धमाके से हड़कंप, कई ट्रेनें रद्द; ATS ने शुरू की जांच

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।