राजस्थान के श्रीगंगानगर में ट्रेन उड़ाने की साजिश नाकाम! पाकिस्तान सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर धमाके से हड़कंप, कई ट्रेनें रद्द; ATS ने शुरू की जांच

Rajasthan Blast News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन फिलहाल रोक दिया गया। मामले की एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS), क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है

अपडेटेड Nov 04, 2026 पर 7:42 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rajasthan Blast News: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर धमाके से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया

Rajasthan Blast News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में स्थित एक रेलवे ट्रैक को धमाके के बाद उड़ाने की कथित साजिश नाकाम होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हमारे सहयोगी न्यूज 18 के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास श्रीगंगानगर जिले में धमाके से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते प्रशासन ने अनूपगढ़ और सूरतगढ़ के बीच ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी हैं। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर रखे गए विस्फोटक में ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद विस्फोट हुआ।

धमाके से पटरियों के नीचे लगे सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। यह धमाका अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर '50 GB' पॉइंट के पास हुआ, जिससे ट्रैक को सहारा देने वाले कंक्रीट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की वजह से अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर कुछ स्लीपर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

रात करीब 9:45 बजे हुआ विस्फोट


जानकारी के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के कारण रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले कंक्रीट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के कुछ स्लीपरों को भी नुकसान पहुंचा है। विस्फोट के बाद रेलवे ट्रैक के नीचे करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस इलाके में धमाका हुआ, वहां से रात करीब 9 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जा रही एक ट्रेन गुजर चुकी थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के गुजरने के लगभग 45 मिनट बाद विस्फोट हुआ।

क्या यात्री ट्रेन को उड़ाने की थी साजिश?

ट्रेन के गुजरने के कुछ ही देर बाद रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका किस तरह किया गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश तो नहीं थी। हालांकि, फिलहाल विस्फोट के पीछे की वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

ATS, CID और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। रात करीब 2 बजे सुरक्षा कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद ATS, CID, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विस्फोट से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

सुबह 9 बजे तक ट्रेन सेवाएं रद्द

रेलवे ट्रैक को हुए नुकसान के बाद अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं एहतियातन सुबह 9 बजे तक रोक दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है, ताकि ट्रैक की जांच और जरूरी मरम्मत की जा सके। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुए इस विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। फिलहाल जांच पूरी होने और विस्फोट की वजह सामने आने का इंतजार है।

ये भी पढ़ें- Samrat Choudhary: 'क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं'; बिहार CM सम्राट चौधरी का बयान हो रहा वायरल, RJD से लेकर कांग्रेस तक का आया रिएक्शन

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।