Bangladesh Violence: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने और वहां अंतरिम सरकार बनाने के बाद अब हालात खराब होते जा रहे हैं। बांग्लादेश में शेख हसीना के पीएम पद से इस्तीफे और फिर देश से फरार होने के बाद प्रदर्शनकारी ढाका स्थित प्रधानमंत्री आवास में घुस गए हैं। शेख हसीना के घर में प्रदर्शनकारियों ने जमकर लूटपाट और तोड़फोड़ की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों को PMO का सामान उठाकर ले जाते हुए देखा जा रहा है। एक वीडियो में प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री आवास से सोफे की तरह एक सामान ले जाते हुए देखा जा सकता है।
सोमवार दोपहर को प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के आधिकारिक आवास पर धावा बोलकर उत्पात मचाया और शेख मुजीबुर रहमान की प्रतिमा को तोड़ दिया।हसीना के आवास पर धावा बोलने वाले प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं, जिसमें प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और बढ़ती अशांति के बीच पड़ोसी भारत भाग जाने के तुरंत बाद सामने आए अराजक दृश्य कैद किए गए हैं।
एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें हसीना के आवास के अंदर एक प्रदर्शनकारी बिस्तर पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है। अन्य प्रदर्शनकारियों को कमरे में रखे सामान को तोड़ते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य वीडियो में एक प्रदर्शनकारी शेख मुजीबुर रहमान (जिन्हें राष्ट्रपिता के रूप में जाना जाता है) की प्रतिमा के ऊपर चढ़कर उसे तोड़ते हुए देखा जा सकता है।
कुछ वीडियो में प्रदर्शनकारियों को पूर्व प्रधानमंत्री के आवास से बर्तन, कालीन और यहां तक कि साड़ियां भी चुराते देखा गया। पिछले दो दिनों में हसीना सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में 100 से अधिक लोग मारे गए हैं। देश में विवादास्पद कोटा सिस्टम को लेकर उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं, जिसके तहत 1971 के मुक्ति संग्राम में लड़ने वाले दिग्गजों के परिवारों के लिए 30 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित हैं।
बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने सैन्य कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए राजधानी की तरफ मार्च किया। हजारों प्रदर्शनकारी राजधानी ढाका स्थित हसीना के आधिकारिक आवास में मौजूद हैं। इससे पहले बांग्लादेश में कई हफ्तों तक हिंसक प्रदर्शन और सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव का सिलसिला जारी था।
विरोध प्रदर्शन जून के अंत में शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ था। छात्र सरकारी नौकरियों में आरक्षण प्रणाली को समाप्त करने की मांग कर रहे थे। हालांकि ढाका विश्वविद्यालय में प्रदर्शनकारियों और पुलिस तथा सरकार समर्थक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद यह प्रदर्शन हिंसक हो गया था।
अंतरिम सरकार कार्यभार संभालेगी
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पद से इस्तीफा दे दिया है और अब अंतरिम सरकार कार्यभार संभालेगी। बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने घोषणा की है कि हसीना ने इस्तीफा दे दिया है और एक अंतरिम सरकार देश की कमान संभाल रही है। हसीना के देश छोड़ने की खबरों के बीच उन्होंने टेलीविजन पर दिए संबोधन में कहा, "मैं (देश की) सारी जिम्मेदारी ले रहा हूं। कृपया सहयोग करें।" कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि शेख हसीना दिल्ली से लंदन रवाना हो सकती हैं। हालांकि अभी तक कुछ भी कंफर्म नहीं है।