चीन (China) ने गुरुवार को ताइवान (Taiwan) द्वीप को चारों तरफ घेरा बनाकर अपने सबसे बड़े सैन्य अभ्यास की शुरुआत की। चीन ने अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी (Nancy Pelosi) की ताइवान यात्रा खत्म होने के एक दिन बाद उठाया है। चीन पेलोसी की ताइवान यात्रा से काफी खफा है और ताजा कदम इसी का जवाबी कार्रवाई का एक हिस्सा है।
चीन ने अमेरिकी को नैंसी पेलोसी की यात्रा रोकने और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाण भुगतने की धमकी दी थी। हालांकि नैंसी पेलोसी इन चीन धमकियों को नजरअंदाज कर ताइवान गईं और 24 घंटे से भी कम समय रहने के बाद बुधवार को वहां से रवाना हुईं। चीन ताइवान को अपना क्षेत्र मानता है, इसलिए वह किसी भी बड़ी विदेशी हस्ती के वहां जाने का विरोध करता है।
नैंसी पेलोसी पिछले 25 सालों में ताइवान जाने बड़ी अमेरिकी संसद की सबसे बड़ी नेता हैं। ताइवान की राजधानी ताइपे पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी उपस्थिति ने यह "स्पष्ट" कर दिया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका ताइवान जैसे लोकतांत्रिक सहयोगी को कभी 'अकेला' नहीं छोड़ेगा।
चीन के सरकारी मीडिया CCTV ने बताया कि चीनी सेना ने गुरुवार दोपहर में ताइवान के आसपास के समुद्र में लाइव-फायरिंग के साथ सैन्य अभ्यास शुरू किया। CCTV ने बताया, "4 अगस्त के दोबहर बजे से 7 अगस्त की दोपहर 12 बजे तक पीपुल लिब्ररेशन आर्मी (PLA) का एक महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास चलेगा।"
नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर, मेंग शियांगकिंग ने बताया कि चीन की सेनाएं ताइवान के उत्तरी तट पर स्थित कीलंग बंदरगाह को सील कर सकती हैं। वहीं वे पूर्वी ताइवान से सटे दो इलाकों- ह्वेलियन और ताइदोंग में सैन्य ठिकानों का निशाना बनाकर हमला भी शुरू कर सकती है।
पहली बार ताइवान के ऊपर से उड़ान भरेगी मिसाइलें
पेलोसी की यात्रा पर चीन की तरफ से काफी उग्र प्रतिक्रियाएं देखने को मिली है और उसने उसके संप्रभुता पर हमला करने वालों को 'सजा' देने का वादा किया है। पेलोसी के ताइवान पहुंचते ही चीन ने ताइवान से सटे समुद्री इलाकों में सैन्य अभ्यास का ऐलान कर दिया था, जो दुनिया के सबसे व्यस्ततम रूट में से एक है।
चीन के सरकारी मीडिया ने बताया ताइवान के चारों तरफ होने वाले इस सैन्य अभ्यान में लाइव-फायरिंग से जुड़े ट्रेनिंग गतविधियां भी शामिल होंगी। यह सैन्य अभ्यास ताइवान के चारों तरफ कई जगहों पर होगा। कुछ जगहों पर तो सैन्य अभ्यास और ताइवान के तट की दूरी 20 किलोमीटर से भी कम है।
चीन के सरकारी अखबार 'द ग्लोबल टाइम्स' ने सैन्य विश्लेषकों का हवाला देते हुए बताया कि यह अभ्यास "अभूतपूर्व" हैं और इस दौरान पहली बार चीनी मिसाइलें ताइवान के ऊपर से उड़ान भरेंगी। अखबार ने बताया, "यह पहली बार है जब PLA ताइवान जलडमरूमध्य में लंबी दूरी की तोपें लॉन्च करेगा।"
चीन किस तरह ताइवान को चारों तरफ से घेरकर सैन्य अभ्यास कर रहा है, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर से समझ सकते हैं-
ताइवान की सेना ने कहा- 'हम युद्ध की तैयारी कर रहे'
ताइवान की सेना ने गुरुवार को कहा कि वह चीन के सैन्य अभ्यासों की बारीकी से निगरानी कर रही है। ताइवान की सेना ने यह भी कहा कि वे संघर्ष के लिए तैयार है, लेकिन वे चाहेंगे कि इसकी जरूरत न पड़े।
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "रक्षा मंत्रालय इस बात पर जोर देता है कि हम युद्ध की मांग किए बिना युद्ध की तैयारी के सिद्धांत को बनाए रखेगा। साथ ही संघर्ष को आगे न बढ़ाने और विवाद नहीं पैदा करने के अपने रवैये पर कायम रहेंगे।"