Langya Virus China: चीन से निकले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचाई है। इसके बाद मंकीपॉक्स का कहर शुरू हो गया। अभी इन दोनों वायरस का अंत हुआ भी नहीं कि चीन में एक और वायरस पैदा हो गया है। इस नए वायरस का नाम हेनिपावायरस (Henipavirus) या लांग्या वायरस (Langya virus ) है। ये वायरस जानवर से फैला है। चीनी मीडिया ने बताया कि अब तक शेडोंग और हेनान प्रांत में 35 लोग संक्रमित हो चुके हैं। ये एक गंभीर वायरस है। इस हेनिपावायरस का पूरा नाम Langya Henipavirus बताया जा रहा है। इसे शॉर्ट में LayV या Langya virus भी कहते हैं।
इससे संक्रमित व्यक्ति अगर गंभीर हो जाए तो तीन चौथाई संक्रमितों की मौत हो सकती है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक यह नए तरह का हेनिपा वायरस है, जो जानवरों से इंसानों तक पहुंचा है। चिंता की बात यह भी है कि Langya virus का संक्रमण जानवर और इंसानों दोनों के लिए ही घातक है।
इससे संक्रमित मरीजों को बुखार, थकान, खांसी, भूख न लगने, वजन घटने (anorexia), मांसपेशियों में दर्द (myalgia) और उल्टी आने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। 35 मामलों में से 26 मरीजो में बुखार, चिड़चिड़ापन, खांसी, मिचली, उल्टी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, भूख न लगने और शरीर का वजन तेजी से घटने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। जानवरों से मनुष्यों में फैलने वाली यह एक जूनोटिक बीमारी (zoonotic disease) है। लांग्या वायरस के बारे में पहली बार साल 2018 में पूर्वोत्तर प्रांतों शेडोंग और हेनान में पता चला था। द-न्यू इंग्लैंड जर्नल (The New England Journal) में छपी एक स्टडी के मुताबिक, चीन में फाइलोजेनेटिक रूप से अलग हेनिपावायरस मिला है। लांग्या वायरस बुखार का कारण बन सकता है।
लोगों में कहां से आया Langya virus?
संक्रमित मरीजों पर आधारित स्टडी के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि Langya virus किसी जानवर से इंसानों में आया है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि छछूंदर (Shrew) से यह वायरस फैला होगा। अभी तक कोई भी मौत देखने को नहीं मिली है। वहीं अब तक इस वायरस पर काबू पाने के लिए कोई दवा या वैक्सीन भी मौजूद नहीं है।