Coronavirus: पूरी दुनिया अभी तक कोरोना वायरस महामारी को भूल नहीं पाई है। यह महामारी न जाने कितने बेगुनाह लोगों की जान लील गई। चारो तरफ कोरोना ने तांडव मचाया। जिस ओर महामारी गई, वहीं लाशों का अंबार लगने लगा। अभी दुनिया को मिले ये जख्म सूखे भी नहीं कि फिर- से नए रंग रूप में कोरोना वायरस महामारी की वापसी की आशंका जताई गई है। ऐसे में पूरी दुनिया की टेंशन एक बार फिर से बढ़ गई है। कोरोना वायरस के जन्मदाता चीन से ही फिर से कोरोना वायरस महामारी आ सकती है। दरअसल, चीन की चर्चित वैज्ञानिक ने बड़ा दावा कर दिया है।
चीन की बदनाम वुहान लैब से जुड़ीं वायरोलॉजिस्ट (विषाणु वैज्ञानिक) शी झेंगली (Shi Zhengli) ने कहा है कि दुनिया में कोरोना जैसी एक और भीषण महामारी आने वाली है। इस महामारी से बचाव के लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। यह बात उन्होंने अपने एक हालिया रिसर्च पेपर के जरिए कही है। उन्होंने अपने साथी कर्मचारियों के साथ यह रिसर्च की है।
इन जानवरों से फैल सकती है कोरोना वायरस महामारी
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (South China Morning Post) में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक शी झेंगली (Shi Zhengli) और उनकी टीम ने रिसर्च के दौरान खासकर ऐसे वायरस पर गहराई से स्टडी की है, जो जानवरों के जरिए इंसानों में फैलते हैं। ‘इमर्जिंग माइक्रोब्स एंड इनफेक्शंस’ (Emerging Microbes & Infections) जर्नल में प्रकाशित इस रिसर्च में साफ साफ उन जानवरों के बारे में जिक्र किया गया है। जिनसे कोरोना वायरस महामारी फैल सकती है। शी झेंगली और वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (Wuhan Institute of Virology) के वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस (Corona Virus) की 40 कैटेगरी पर रिसर्च की है। इसमें आधे से ज्यादा को बेहद खतरनाक पाया गया है। रिसर्च के मुताबिक इन 20 कैटेगरी के वायरस में से 6 के बारे में पहले से ही मालूम है। जबकि 3 ऐसे वायरस हैं, जो जानवरों की कई प्रजातियों में गंभीर बीमारी फैला रहे हैं।
रिसर्च में किया गया यह बड़ा दावा
रिसर्च में जो नतीजे आए हैं, उसके मुताबिक, भविष्य में कोरोना वायरस महामारी की फिर से वापसी हो सकती है। यह दावा कई वायरल विश्लेषण पर आधारित है। जिसमें जनसंख्या की गतिशीलता (population dynamics), आनुवंशिक विविधता (genetic diversity), मेजबान प्रजातियां (host species) और जूनोटिक ट्रांसमिशन का इतिहास (History of zoonotic transmission - जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियां) शामिल हैं।
शी झेंगली दुनिया की 109 टॉप वैज्ञानिकों में शामिल
चीन की वुहान लैब से जुड़ीं विषाणु वैज्ञानिक शी झेंगली (Shi Zhengli) दुनियाभर में ‘बैटवुमेन’ (Batwoman) के नाम से मशहूर हैं। झेंगली ने अपनी ज्यादातर रिसर्च चमगादड़ और इससे होने वाली बीमारियों के इर्द-गिर्द की है। ऐसे में उनका नाम बैटवुमेन पड़ गया। चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक झेंगली ने 1990 में रिसर्च अस्सिटेंट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। उसके बाद तेजी से आगे बढ़ीं। साल 2004 में सार्स वायरस और चमगादड़ के कनेक्शन पर केंद्रित उनके रिसर्च चर्चा में रही। अमेरिकन एकेडमी ऑफ़ माइक्रोबायोलॉजी झेंगली को दुनिया के टॉप 109 साइंटिस्ट में शामिल कर चुका है।