क्रिप्टो-एक्सचेंज के फाउंडर को होगी 40,000 साल जेल की सजा, लोगों के ₹16,000 करोड़ लेकर हुआ था फरार

थोडेक्स (Thodex) क्रिप्टो-एक्सचेंज के फाउंडर फारुक फेथ ओजर (Faruk Faith Ozer) को अल्बानिया से प्रत्यर्पण कर तुर्की ले जाया जा रहा है

अपडेटेड Sep 02, 2022 पर 6:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
28 वर्षीय फारुक फेथ ओजर को दक्षिणी अल्बानिया से गिरफ्तार किया गया है

लोगों के करीब 16,000 करोड़ रुपये (2 अरब डॉलर) लेकर भागने वाले तुर्की के एक क्रिप्टो-एक्सचेंज प्लेटफॉर्म के मालिक को अल्बानिया (Albania) से गिरफ्तार कर लिया गया है। थोडेक्स (Thodex) क्रिप्टो-एक्सचेंज के फाउंडर फारुक फेथ ओजर (Faruk Faith Ozer) को अल्बानिया से प्रत्यर्पण कर तुर्की ले जाया जा रहा है, जहां उसे करीब 40,564 सालों तक कैद की सजा हो सकती है।

ओजर अप्रैल 2021 में करीब 4 लाख क्लाइंट के जमा 16,000 करोड़ रुपये (2 अरब डॉलर)येलेकर फरार हुआ था। ओजर ने शुरुआत में दावा किया कि उसका क्रिप्टो-एक्सचेंज प्लेटफॉर्म थोडेक्स, साइबर हमले का शिकार हुआ है, जिसके चलते कुछ दिनों के लिए प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग रोकनी पड़ी है। हालांकि इसके एक हफ्ते के अंदर सभी क्लाइंट से उनके अकाउंट का एक्सेस वापस ले लिया गया और उसके बाद 28 वर्षीय ओजर प्लेटफॉर्म पर जमा सभी क्रिप्टो-फंड को लेकर हमेशा के लिए फरार हो गया।

इसके बाद ही तुर्की की एजेंसियां ओजर की तलाश में लगी थीं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी इस मामले में मदद मांगी थी। ओजर को हाल ही में अल्बानिया से गिरफ्तार किया गया है और बायोमेट्रिक अथेंटिकेशन के जरिए उसके पहचान की पुष्टि भी कर ली गई है।


यह भी पढ़ें- BEST Vs BEST के मुकाबले में कौन से स्टॉक्स बनें चैंपियन, जिन पर मुनाफे के लिए दिग्गज एक्सपर्ट्स ने लगाया दांव

फारुक फेथ ओजर ने कथित तौर पर पहचान छुपाने के लिए अपना सिर मुंडवा लिया। हालांकि फिंगरप्रिंट डेटा और चेहरे की पहचान ने उसकी पुष्टि करने में मदद की। तुर्की के गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि इंटरपोल ने उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, ओजर और थोडेक्स के कुछ अन्य कर्मचारियों के लिए 40,000 साल से अधिक की जेल की सजा की मांग की गई है। इस मामले में ओजर सहित कुल 21 लोगों पर मुकदमा चल रहा है।

अल्बानियाई पुलिस ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि 28 वर्षीय ओजर को दक्षिणी अल्बानिया के एक छोटे से शहर हिमारा के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कहा कि उसकी सहायता करने के संदेह में दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से कंप्यूटर, मोबाइल फोन और बैंक कार्ड जब्त किए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।