US President Election 2024: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी रैली में फायरिंग की घटना सामने आई है। जिसमें वह घायल हो गए हैं। स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार (13 जुलाई) को पेनसिल्वेनिया के बटलर शहर में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। तभी वहां फायरिंग शुरू हो गई। इस हमले में पूर्व राष्ट्रपति घायल हो गए हैं। इस हादसे में रिपब्लिकन कैंडिडेट ट्रंप बाल-बाल बच गए और गोली उनके दाहिने कान को छलनी करते हुए निकल गई। उनके चेहरे पर खून लगा हुआ दिखाई दिया। उन्हें सिक्योरिटी ने तुरंत सुरक्षित स्टेज से उतारा।
जैसे ही पहली गोली चली, ट्रम्प ने कहा - 'ओह' और अपने कान को पकड़ लिया। इसके बाद दो और गोलियों की आवाज सुनी जा सकती हैं। फिर ट्रंप नीचे झुक गए। हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "उन्हें ऐसा लगा कि गोली उनके कान के आर-पार हो गई है।" उनके चेहरे पर खून लगा हुआ था। जब वे वापस उठे और अपनी मुट्ठी बांधी तो भीड़ ने जोश में नारे लगाए। कुछ ही देर बाद उनका काफिला प्रोग्राम वाली जगह से चला गया।
ट्रंप पर गोली चलाने वाला ढेर
बटलर काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रिचर्ड ए. गोल्डिंगर ने बताया कि हमला करने वाले शख्स को मार दिया गया। उन्होंने बताया कि चुनावी रैली में मौजूद एक शख्स की मौत हुई है। एक अन्य भी शायद मारा गया है। जिन अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है, उनका कहना है कि गोलीबारी की घटना की संभावित हत्या के प्रयास के मामले के तौर पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जाहिर तौर पर सुरक्षा परिधि के बाहर से गोलियां चलाई गई हैं। स्थानीय अधिकारियों ने ये भी बताया कि घटनास्थल से ट्रंप के जाने के तुरंत बाद पुलिस ने मैदान को खाली करा लिया है। वहीं सोशल मीडिया कंपनी एक्स के मालिक एलॉन मस्क ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर इस घटना का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें लिखा है कि ‘मैं राष्ट्रपति ट्रंप का पूरा समर्थन करता हूं। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
अमेरिका में ऐसी हिंसा की कोई जगह नहीं – जो बाइडेन
गोलीबारी की इस घटना की राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कड़ी आलोचना की है। बाइडेन ने कहा कि इस तरह की हिंसा के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं है। इसके खिलाफ हमें एकजुट रहना है। अमेरिका में राजनीतिक हिंसा, या किसी भी तरह की हिंसा की जगह नहीं हो सकती है। हर किसी को इसकी निंदा करनी चाहिए। वहीं पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी इस घटना की निंदा की है। एक बयान में उन्होंने कहा कि हमारे लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए बिल्कुल कोई जगह नहीं है।