अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नौकरियां खत्म करने का रिकॉर्ड बना सकते हैं। एक तरफ जहां दुनियाभर में सरकारों का फोकस नौकरियों के नए मौके पैदा करने पर होता है वहीं अमेरिका में उल्टी गंगा बह रही है। अब अमेरिकी सरकार के उस डिपार्टमेंट में 7000 नौकरियां खत्म करने का प्लान है, जो करोड़ों बुजुर्गों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराता है। सरकार ने 27 फरवरी को इसका ऐलान किया। यह खर्च घटाने के लिए सरकारी एंप्लॉयीज की संख्या घटाने के सरकार के प्लान का हिस्सा है।
7 करोड़ लोगों की आर्थिक मदद करता है यह विभाग
सोशल सिक्योरिटी एडमिनिसट्रेशन (SSA) करीब 7.3 करोड़ रिटायर्ड और दिव्यांग लोगों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराती है। हर महीने सरकार की तरफ से इन लोगों को पैसे भेजे जाते हैं। अब सरकार ने एसएसए के एंप्लॉयीज की संख्या 12 फीसदी से ज्यादा घटाने का फैसला किया है। SSA ने कहा है कि एजेंसी अपने एंप्लॉयीज की संख्या घटाना चाहती है। ऐसे एंप्लॉयीज पर फोकस होगा जो सीधे तौर पर बहुत अहम सेवाएं प्रदान नहीं करते हैं।
रिटायर्ड लोगों को मिलने वाली आर्थिक सहायता पर पड़ सकता है असर
अभी सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन में करीब 57,000 लोग काम करते हैं। सरकार इसे घटाकर 50,000 तक लाना चाहती है। एजेंसी ने यह भी कहा है कि वह अपने कई रीजनल ऑफिसेज को दिन में 10 से शाम 4 बजे तक बंद रखेगी। खास बात यह है कि अमेरिकी सरकार अपने उस डिपार्टमेंट की एंप्लॉयीज की संख्या पर कैंची चलाने जा रही है, जो बुजुर्गों को पेंशन देती है। एसएसए के एंप्लॉयीज की संख्या घटाने का असर बुजुर्ग लोगों को सरकार की तरफ से मिलने वाली सेवाओं पर पड़ सकता है।
ट्रंप ने सोशल सिक्योरिटी का बजट नहीं घटाने का वादा किया था
हैरानी की बात यह है कि डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान कई बार कहा था कि राष्ट्रपति बनने पर वह सोशल सिक्योरिटी में किसी तरह की कमी नहीं करेंगे। इसका मतलब था कि सरकार के खर्च में कमी करने के प्रोग्राम से एसएसए को बाहर रखा जाएगा। लेकिन, वह अपना वादा तोड़ने जा रहे हैं। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए पूछने पर व्हाइट हाउस और डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशियंसी (DOGE) ने तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: Elon Musk: सोशल मीडिया एलन मस्क की पर्सनल लाइफ की खूब चर्चा, दुनिया के सबसे अमीर आदमी के 14वें बच्चे का जानिए सच
ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद जा चुकी है 1,00,000 लोगों की नौकरियां
ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक 1,00,000 से ज्यादा फेडरल गवर्नमेंट एंप्लॉयीज को अपनी नौकरियां गंवानी पड़ी है। फेडरल गवर्नमेंट के कुल एंप्लॉयीज की संख्या करीब 23 लाख है। ट्रंप का मानना है कि सरकारी डिपार्टमेंट में जरूरत से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। इससे सरकार का बजट काफी ज्यादा हो गया है। उन्होंने सरकार का खर्च घटाने के लिए एक अलग डिपार्टमेंट DOGE बनाया है। इसकी प्रमुख एलॉन मस्क को बनाया गया है, जो दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं। ट्रंप ने दुनिया के सबसे अमीर शख्स को लोगों को बेरोजगार करने का काम सौंपा है।