Bangladesh News: अमेरिका ने मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाले बांग्लादेश सरकार को बहुत ही बड़ा झटका दिया है। बांग्लादेश को मिलने वाली अमेरिकी सहायता पर रोक लग गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने बांग्लादेश को दी जाने वाले सभी तरह की ममद बंद करने का ऐलान किया है। यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (USAID) ने बांग्लादेश में अपनी सभी परियोजनाओं को बंद करने के लिए आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। USAID ने राष्ट्रपति ट्रंप के हाल ही में जारी कार्यकारी आदेश का हवाला देते हुए बांग्लादेश में चल रहे सभी कामों को अचानक रोक दिया है।
एक पत्र में USAID ने अपने कार्यान्वयन भागीदारों को देश में सभी मौजूदा कॉन्ट्रेक्ट, अनुदानों और सहायता कार्यक्रमों को तुरंत रोकने का निर्देश दिया है। पत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया एग्जीक्यूटिव ऑर्डर का हवाला देते हुए कहा गया है, "सभी यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट भागीदारों को आदेश दे रहे हैं कि वे USAID और बांग्लादेश कॉन्ट्रैक्ट के तहत किए जाने वाली सब्सिडी, सहकारी समझौते या अन्य सहायता के काम को तुंरत बंद या सस्पेंड कर दें।"
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप की अगुवाई वाली अमेरिकी सरकार ने इजरायल, मिस्र और फूड प्रोग्राम को छोड़कर सभी विदेशी देशों को दी जाने वाली मदद पर रोक लगा दी है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के शुक्रवार को इस आदेश में गरीब देशों को मिलने वाले हेल्थ से संबंधित मदद पर भी रोक लगा दी गई है।
20 जनवरी को जब से डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की कमान संभाली है, उनकी तरफ से कई बड़े फैसले लिए गए हैं। इस लिस्ट में कई दूसरी इंटरनेशनल संस्थानों को दी जाने वाली आर्थिक मदद पर रोक जैसे आदेश शामिल हैं। कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन को मिलने वाली सहायता पर भी रोक लगा दी थी। अमेरिका बांग्लादेश को अरबों डॉलर की सहायता देता था।
इस अचानक लिए गए निर्णय ने बांग्लादेश में चल रहे कई परियोजना रूक जाएंगे। इसके अलावा भारत विरोधी बांग्लादेश में संचालित अमेरिकी वित्तपोषित गैर-सरकारी संगठनों को बड़ा झटका लगेगा। संयुक्त राज्य अमेरिका अंतरराष्ट्रीय सहायता का दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल दाता है, जिसने वित्तीय वर्ष 2023 के दौरान दुनियाभर में 72 बिलियन डॉलर की सहायता वितरित की है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज के साथ हाल ही में अपनी बैठक में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति पर भी संक्षिप्त चर्चा की थी। इस सवाल के जवाब में जयशंकर ने भारतीय पत्रकारों के एक समूह से कहा, "हां, हमने बांग्लादेश पर संक्षिप्त चर्चा की। मुझे नहीं लगता कि यह उचित है कि मैं अधिक डिटेल्स में जाऊं।" मंत्री इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या रुबियो और वाल्ट्ज के साथ उनकी बैठकों के दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ व्यवहार पर चर्चा हुई थी।