Elon Musk : ट्विटर इंक (Twitter Inc) की आज शुक्रवार, 4 नवंबर से छंटनी शुरू करने की योजना है। कंपनी ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में यह बात कही। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने कहा कि एलॉन मस्क (Elon Musk) की ट्विटर की आधी वर्कफोर्स को हटाने की योजना है, जिससे पिछले महीने 44 अरब डॉलर में खरीदी गई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कंपनी की कॉस्ट घट जाएगी।
ट्विटर के मैनेजमेंट ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में कहा, “ट्विटर को मजबूती देने के प्रयासों के तहत, हम शुक्रवार से कंपनी की ग्लोबल वर्कफोर्स में कटौती का प्रोसेस शुरू करेंगे।”
आज से पहुंचने लगेंगे छंटनी के ईमेल
ट्विटर ने कहा, हम मानते हैं कि इसका उन तमाम लोगों पर खासा असर पड़ेगा जिन्होंने Twitter के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दिया है, लेकिन भविष्य में कंपनी की सफलता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम जरूरी हो गया है।
मेमो के मुताबिक, कंपनी इससे प्रभावित कर्मचारियों को शुक्रवार की सुबह 9 बजे (San Francisco time) सूचना दे देगी। मेमो में कहा गया कि छंटनी के बीच, ट्विटर (Twitter) की “हर कर्मचारी के साथ-साथ ट्विटर सिस्टम्स और कस्टमर डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए” अस्थायी रूप से ऑफिस बंद करने और बैज एक्सेस सस्पेंड करने की योजना है।
जिनकी बचेगी नौकरी, उनको भी मिलेगा ईमेल
नोटिस में यह भी कहा गया, जिन लोगों की जॉब बनी रहेगी उन्हें उनके काम के बारे में ईमेल मिलेगा। कर्मचारियों से "कंपनी की गोपनीय जानकारियां" सोशल मीडिया या प्रेस के साथ शेयर नहीं करने की बात दोहराई जाती है।
बताया जाता है कि मस्क सैन फ्रांसिस्को बेस्ड ट्विटर में 3,700 लोगों की छंटनी करना चाहते हैं। अरबपति ने डील पूरी होने से पहले ही इसके संकेत देने शुरू कर दिए थे।
एडवर्टाइजर्स ने क्यों रोके ऐड
इस बीच, कई एडवर्टाइजर्स ने मस्क की योजनाओं पर तस्वीर साफ होने तक प्लेटफॉर्म पर ऐड देने पर रोक लगा दी है। दरअसल, एलॉन मस्क ने ट्विटर पर कुछ कंटेंट मॉडरेशन हटाने की इच्छा जाहिर की थी जिससे हेट स्पीच, दुष्प्रचार और अन्य नुकसानदेह मैटेरियल्स को बढ़ावा मिलने की आशंका जाहिर की जा रही है।
General Mills Inc ने कहा, वह प्लेटफॉर्म पर अपने विज्ञापन पर रोक लगा रही है। साथ ही Volkswagen AG की Audi और General Motors Co के साथ मिलकर प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी को लेकर फिर से विचार कर रही है।