रूस को बड़ा झटका, EU ने अमेरिका के साथ गैस डील का किया ऐलान

यूरोपीय यूनियन ने रूस पर अपनी निर्भरता को कम करने के लिए अमेरिका के साथ एक बड़ी गैस डील पर हस्ताक्षर किया है

अपडेटेड Mar 25, 2022 पर 3:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बेल्जियम दौरे के दौरान इस गैस डील का ऐलान किया गया है

यूरोपीय यूनियन (European Union) ने रूस (Russia) पर अपनी निर्भरता को कम करने के लिए अमेरिका (America) के साथ एक बड़ी गैस डील (Gas Deal) पर हस्ताक्षर किया है। इस डील के तहत अमेरिका (USA) इस साल के अंत तक यूरोपीय यूनियन के देशों को कम से कम अतिरिक्त 15 अरब क्यूबिक मीटर फ्यूल मुहैया कराएगा, जिसे लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) के नाम से जाना जाता है।

यूक्रेन पर रूस के आक्रमण पर प्रतिक्रिया देते हुए यूरोपीय यूनियन ने पहले ही कहा था कि वह रूसी गैस पर अपनी निर्भरता को कम करेगा। बता दें कि यूरोपीय यूनियन की गैस जरूरतों का करीब 40 फीसदी अभी रूस सप्लाई करता है।

एक आंकड़े के मुताबिक, साल 2020 में यूरोप ने 541 अरब क्यूबिक मीटर्स गैस का उपभोग किया था, जिसका 40 फीसदी यानी करीब 216 अरब क्यूबिक मीटर्स गैस रूस ने सप्लाई किया था।


2030 तक 50 अरब क्यूबिक मीटर गैस सप्लाई करेगा अमेरिका

रूस पर निर्भरता कम करने का मतलब होगा कि यूरोपीय यूनियन को अधिक गैस इंपोर्ट करना होगा और अधिक रिन्यूएबल एनर्जी को पैदा करना होगा। इस डील की लंबी अवधि का लक्ष्य यह है कि 2030 तक हर साल 50 अरब क्यूबिक मीटर अतिरिक्त अमेरिकी गैस सुनिश्चित किया जा सके।

यह भी पढ़ें- RIL ने एक महीने में दिया 14% रिटर्न, जानिए किन फैक्टर्स के दम पर स्टॉक में आ रही रैली

बेल्जियम के दौरे पर अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन फिलहाल यूरोपीय देश बेल्जियम के तीन दिनों के दौरे पर हैं और इसी दौरान बेल्जियम की राजधानी ब्रूसेल्स में इस डील का ऐलान किया गया। इस दौरान बाइडन और यूरोपीय कमिशन की प्रेसिडेंट उरसुला वोन डेर लीयेन ने यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर बातचीत की है।

रूस-यूक्रेन जंग ने बढ़ाई गैस की कीमतें

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से गैस और तेल की कीमतें अपने रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुकी हैं। इस हमले के पहले भी गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं क्योंकि कोरोना संकट का असर खत्म होने के साथ दुनिया भर में एनर्जी की मांग बढ़ रही थी। हालांकि इस हमले ने इसकी कीमतों को अचनाक से काफी बढ़ा गिया।

रूसी गैस पर निर्भरता 66% कम करने का लक्ष्य

यूक्रेन पर हमले से नाराज यूरोपीय यूनियन ने इस साल के अंत तक रूस पर अपनी गैस निर्भरता का करीब दो-तिहाई कम करने का फैसला किया था। इसके लिए यूरोपीय यूनियन दूसरे देशों से गैस का इंपोर्ट बढ़ा रहा है और रिन्यूएबल एनर्जी को पैदा करने पर जोर दे रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।