फेडेक्स ने इंडियन-अमेरिकन राज सुब्रमण्यन को नया सीईओ नियुक्त किया है। राज फ्रेडरिक डब्ल्यू स्मिथ की जगह लेंगे, जो अभी कंपनी के चेयरमैन एवं सीईओ हैं। स्मिथ 1 जून को इस पद से हट जाएंगे। फेडेक्स दुनिया की सबसे बड़ी कूरियर कंपनियों में शामिल है। यह अमेरिकी कंपनी है, जिसकी शुरुआत 1971 में हुई थी।
फ्रेडरिक डब्ल्यू स्मिथ ने की थी फेडेक्स की शुरुआत
फ्रेडरिक डब्ल्यू स्मिथ फेडेक्स के फाउंडर हैं। उन्होंने कहा है, "जब हम आगे की तरफ देखते हैं तो हमें इस बात का बहुत संतोष है कि राज सुब्रमण्यम की क्षमता का लीडर फेडेक्स को उसके बहुत सफल भविष्य में ले जाएगा।" स्मिथ 1 जून के बाद कंपनी के एग्जिक्यूटिव चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। अपनी नई जिम्मेदारी के बारे में उन्होंने कहा कि वह बोर्ड के कामकाज के साथ ही वैश्विक महत्व के मसलों पर फोकस करेंगे।
फेडेक्स के दुनियाभर में 6 लाख कर्मचारी हैं
सुब्रमण्यम ने कहा है कि फ्रेड एक विजनरी लीडर हैं। वह बिजनेस की दुनिया के लीजेंड हैं। उन्होंने दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित कंपनियों में से एक की स्थापना की। उनकी जिम्मेदारियां संभालने का मौका मिलना मेरे लिए सम्मान और गर्व की बात है। फेडेक्स का मुख्यालय टेनेसी में है। दुनियाभर में इसके 6,00,000 कर्मचारी हैं।
2020 में फेडेक्स के बोर्ड में शामिल हुए थे सुब्रमण्यम
सुब्रमण्यन को 2020 में फेडेक्स के बोर्ड में शामिल किया गया था। कंपनी ने कहा है कि वह बोर्ड में बने रहेंगे। प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिंग अफसर बनने से पहले सुब्रमण्यन फेडेक्स एक्सप्रेस के प्रेसिडेंट और सीईओ थे। फेडेक्स एक्सप्रेस दुनिया की सबसे बड़ी एक्सप्रेस ट्रांसपोर्टेशन कंपनी है। वह फेडक्स कॉर्प में एग्जिक्यूटिव वाइस-प्रेसिडेंट और चीफ मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशंस अफसर रह चुके हैं।
सुब्रमण्यम केरल के तिरुवनंतपुरम के हैं
सुब्रमण्यम केरल के तिरुवनंतपुरम के हैं। अब वह टेनेसी के मेम्फिस में रहते हैं। उन्होंने आईआईटी-मुंबई से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री की पढ़ाई की है। फिर उन्होंने सायराक्यूज यूनिवर्सिटी से केमिकल इंजीनियरिंग में मास्टर की डिग्री ली। उसके बाद उन्होंने एस्टिन के टेकसास यूनिवर्सिटी से एमबीए किया।
कई बड़ी संस्थाओं के सदस्य हैं सुब्रमण्यम
वह फेडेक्स कॉर्पोरेशन के अलावा फर्स्ट हराइजन कॉर्पोरेशन के बोर्ड मेंबर रह चुके हैं। वह कई अहम संस्थाओं के सदस्य हैं। कॉर्पोरेट वर्ल्ड में उनके योगदान के लिए आईआईटी-मुंबई ने उन्हें सम्मानित किया था। यूनिवर्सिटी ऑफ मेम्फिस में फोगेलमैन कॉलेज ऑफ बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स ने उन्हें हॉल ऑफ फेम में शामिल किया था।