Gambia Cough Syrup Deaths: पश्चिमी अफ्रीका के छोटे से देश गाम्बिया में भारत निर्मित कोल्ड और कफ सिरप पीने के बाद हुई बच्चों की मौत का मामला गहराता जा रहा है। गाम्बिया के स्वास्थ्य मंत्री अहमदौ लामिन समतेह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि भारत में बने कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 69 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया को बताया कि पहले यह आंकड़ा 66 था, लेकिन शनिवार तक 3 और बच्चों की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या 69 हो गई है। एक दिन पहले गाम्बिया के राष्ट्रपति अदामा बैरो ने कहा कि बच्चों की मौत अब नियंत्रण में हैं।
गाम्बिया ने किडनी को क्षति से हुई 60 से अधिक बच्चों की मौत का जिम्मेदार ठहराए जा रहे कफ सीरप को तत्काल प्रभाव से वापस लेने के लिए घर-घर अभियान शुरू किया है। द एसोसिएटेड प्रेस (AP) से बातचीत में स्वास्थ्य निदेशक डॉ. मुस्तफा बिट्टये ने पुष्टि की कि बच्चों की मौत किडनी में घातक चोट के कारण हुई जिससे देश के 24 लाख लोगों समेत पूरे विश्व में लोग शोकजदा हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि डब्ल्यूएचओ ने गाम्बिया में चिह्नित की गईं उन चार दूषित दवाओं के लिए अलर्ट जारी किया है, जिनके कारण गुर्दे को गंभीर क्षति से 66 बच्चों की मौत होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत परिवारों के लिए एक हृदय विदारक घटना है।
WHO ने कहा कि ये चार दवाएं भारत में उत्पादित कफ सीरप हैं। हालांकि, डब्ल्यूएचओ ने बयान जारी करके साफ कर दिया कि दूषित उत्पादों का अब तक केवल गाम्बिया में पता चला है, इसलिए उन्हें अन्य देशों में वितरित किया जा सकता है। डब्ल्यूएचओ भारत में कंपनी और नियामक प्राधिकरणों के साथ जांच कर रहा है।
गांबिया की मेडिकल अनुसंधान परिषद ने भी चेतावनी जारी की है। WHO की ओर से यह अलर्ट जारी करने पर कि एक भारतीय कंपनी द्वारा उत्पादित कफ सीरप का संबंध गाम्बिया में हुई बच्चों की मौत से जोड़ा जा सकता है, भारत के औषधि नियामक निकाय (डीसीजीआई) ने जांच शुरू करने के साथ ही डब्ल्यूएचओ से इस बारे में और ब्योरा मांगा है।
डब्ल्यूएचओ ने बुधवार को चेतावनी दी कि हरियाणा के सोनीपत स्थित ‘मैडेन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड’ द्वारा कथित तौर पर उत्पादित ‘दूषित’ और ‘कम गुणवत्ता’ वाले चार कफ सीरप पश्चिमी अफ्रीका के देश गाम्बिया में हुई बच्चों की मौत का कारण हो सकते हैं।