हिजबुल्लाह के उपनेता ने इजरायल से लड़ाई जारी रखने की कसम खाई। उसने कहा कि उनका गुट अपने नेता हसन नसरल्लाह सहित अपने शीर्ष कमान के ज्यादातर लोगों के सफाए के बाद एक लंबे युद्ध के लिए तैयार है। नसरल्लाह के मारे जाने के बाद पहले भाषण में, नईम कासेम ने सोमवार को एक टेलीविजन बयान में कहा कि अगर इजरायल जमीनी हमले शुरू करने का फैसला करता है, तो हिजबुल्लाह लड़ाके लेबनान से लड़ने और उसकी रक्षा करने के लिए तैयार हैं।
उप महासचिव के रूप में, नईम कासेम अब हिजबुल्लाह का कार्यकारी नेता है। कोसेम तब तक इस पद पर रहेगा, जब तक कि नसरल्ला की जगह पर कोई दूसरा व्यक्ति नहीं चुना जाता।
कासेम ने कहा कि पिछले महीनों में हिजबुल्लाह के शीर्ष सैन्य कमांडरों की हत्या के बावजूद, हिजबुल्लाह अब नए कमांडरों पर भरोसा कर रहा है।
कासेम ने कहा, "इजरायल हमारी (सैन्य) क्षमताओं को कम करने की तकत नहीं रखता। डिप्टी कमांडर होते हैं और किसी पोस्ट पर कमांडर के घायल होने की स्थिति में वो जिम्मेदारी निभाते हैं।
कासेम हिजबुल्लाह में एक अनुभवी व्यक्ति है, जिसने 1991 से उप महासचिव के रूप में कार्य किया है। उसे हिजबुल्लाह के दिवंगत महासचिव अब्बास अल-मुसावी के तहत उप महासचिव नियुक्त किया गया था, जो 1992 में एक इजरायली हेलीकॉप्टर हमले में मारे गया था और नसरल्ला के नेता बनने पर भी वो इस पद पर बना रहा।
उसकी राजनीतिक सक्रियता 1974 में स्थापित लेबनानी शिया अमल आंदोलन में शुरू हुई। उसने ईरान की इस्लामी क्रांति के मद्देनजर 1979 में अमल छोड़ दिया, जिसने कई युवा लेबनानी शिया कार्यकर्ताओं की राजनीतिक सोच को आकार दिया।
उसने उन बैठकों में भाग लिया, जिसके कारण हिजबुल्लाह का गठन हुआ, जिसे 1982 में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से बनाया गया था।
हिजबुल्लाह का प्रवक्ता भी रहा कासेम
वह लंबे समय से हिजबुल्लाह के प्रमुख प्रवक्ताओं में से एक रहा है, जिन्होंने विदेशी मीडिया को कई इंटरव्यू भी दिए हैं। जब गाजा युद्ध के दौरान इजरायल के साथ सीमा पार शत्रुता बढ़ गई, तो उसने जून में Al Jazeera को बताया कि हिजबुल्लाह का निर्णय युद्ध को बड़ा बनाने का नहीं था, हां अगर उस पर थोपा गया, तो वो एक युद्ध जरूर लड़ेगा।
वह हिजबुल्लाह के संसदीय चुनाव अभियानों का सामान्य समन्वयक रहा है, क्योंकि समूह ने पहली बार 1992 में चुनाव लड़ा था।
उसका जन्म 1953 में बेरूत के बस्ता ताहता जिले में हुआ था और उसका परिवार मूल रूप से लेबनान के मुख्य रूप से शिया बहुल दक्षिण में केफर फिला का रहने वाला था। वह शादीशुदा है और उसके छह बच्चे हैं।