Bangladesh Unrest: ढाका में भारतीय उच्चायोग से भारत लौट रहे हैं कर्मचारी, बांग्लादेश में अभी भी हालात खराब

Bangladesh Unrest: एअर इंडिया ने बुधवार (7 अगस्त) सुबह नई दिल्ली से बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बीच एक विशेष उड़ान का संचालन किया, जिससे छह बच्चों समेत 205 लोगों को भारत लाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि यह चार्टर्ड उड़ान मंगलवार रात ढाका से रवाना हुई थी

अपडेटेड Aug 07, 2024 पर 2:43 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Unrest: सूत्रों ने कहा कि बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग अभी भी काम कर रहा है

Bangladesh crisis news updates: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में स्थित भारतीय उच्चायोग में गैर-जरूरी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य स्वेच्छा से भारत लौट रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार (7 अगस्त) को बताया कि हालांकि, उच्चायोग में सभी भारतीय राजनयिक ढाका से ही काम कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग काम कर रहा है। बांग्लादेश में पिछले कुछ दिन में तेजी से राजनीतिक हालत बदले हैं। बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में पिछले 15 दिनों में 300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

शेख हसीना ने सोमवार 5 अगस्त को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और वह सरकार विरोधी अभूतपूर्व प्रदर्शनों के बाद ढाका से दिल्ली के पास हिंडन एयरपोर्ट पर पहुंचीं। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार 6 अगस्त को संसद भंग कर दी और नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया।

प्रेस सचिव मोहम्मद जैनुल आब्दीन ने बताया कि यह निर्णय राष्ट्रपति शहाबुद्दीन और भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच बंगभवन (राष्ट्रपति आवास) में हुई बैठक में किया गया। उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार के अन्य सदस्यों के नाम विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ विचार-विमर्श के बाद तय किए जाएंगे।


ढाका से दिल्ली लाए गए 205 लोग

एअर इंडिया ने बुधवार (7 अगस्त) सुबह नई दिल्ली से बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बीच एक विशेष उड़ान का संचालन किया, जिससे छह बच्चों समेत 205 लोगों को भारत लाया गया। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि ए321 नियो विमान से संचालित यह चार्टर्ड उड़ान मंगलवार रात ढाका से रवाना हुई थी। इसके जरिए छह बच्चों एवं 199 वयस्कों सहित 205 लोगों को भारत लाया गया।

घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले अधिकारी ने कहा कि एअर इंडिया ने ढाका में एयरपोर्ट पर बुनियादी ढांचा संबंधी चुनौतियों के बावजूद बेहद कम समय में विशेष उड़ान का संचालन किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली से उड़ान भरने वाले इस विमान में कोई यात्री नहीं था।

दो उड़ानें आज होंगी बहाल

एअर इंडिया दिल्ली से ढाका के बीच अपनी दो दैनिक उड़ानों का संचालन बुधवार से बहाल करेगा। मंगलवार को कंपनी ने बांग्लादेश की राजधानी के लिए अपनी सुबह की उड़ान रद्द कर दी थी, लेकिन शाम की उड़ान को तय समय पर रवाना किया था।

विस्तारा और इंडिगो भी बुधवार से तय समयसारिणी के अनुसार ढाका के लिए उड़ानों का संचालन करेंगी। दोनों कंपनियों ने बांग्लादेश के हालात को देखते हुए मंगलवार को ढाका के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं।

विस्तारा ढाका के लिए मुंबई से दैनिक उड़ानों, जबकि दिल्ली से हफ्ते में तीन उड़ानों का संचालन करती है। वहीं, इंडिगो आमतौर पर दिल्ली, मुंबई और चेन्नई से ढाका के लिए रोजाना एक-एक उड़ान, जबकि कोलकाता से दो उड़ानों का संचालन करती है।

ये भी पढ़ें- Vinesh Phogat: विनेश फोगाट मामले में भारत जताएगा कड़ा विरोध, पीएम मोदी ने IOA प्रमुख पीटी ऊषा से की बात

अभी भारत में हैं शेख हसीना

बांग्लादेश विवादास्पद आरक्षण प्रणाली के खिलाफ कई हफ्तों से जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच, पिछले 15 साल से सत्ता में रहीं शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर चले जाने के कारण अभूतपूर्व राजनीतिक संकट से जूझ रहा है। इस आरक्षण प्रणाली के तहत 1971 के मुक्ति संग्राम में लड़ने वाले लोगों के परिवारों के लिए 30 फीसदी नौकरियां आरक्षित की गई थीं। सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों में 300 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। शेख हसीना फिलहाल में भारत में हैं और वह किसी यूरोपीय देश से राजनीतिक शरण मांग रही हैं।

हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं:-

+8801958383679

+8801958383680

+8801937400591

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।