अगर आपका ऑफिस आपको 'वर्क फ्रॉम होम' या रिमोट लोकेशन से काम करने की इजाजत देता है, और आप इसका फायदा उठाकर किसी अच्छी जगह से काम करना चाहते हैं तो आपके लिए एक खुशखबरी है। इंडोनेशिया (Indonesia) की सरकार जल्द ही 'वर्क फ्रॉम होम' या रिमोट लोकेशन से काम करने वाले लोगों के लिए एक टैक्स-फ्री वीजा (Tax-Free visa) जारी करने जा रही है। यह वीजा तब तक वैध रहेगा, जब तक कि व्यक्ति की कमाई इंडोनेशिया के बाहर से आ रही है।
इंडोनेशिया के पर्यटन मंत्री सैंडियागो यूनो ने इस महीने की शुरुआत में 'डिजिटल नोमैड वीजा (Digital Nomad Visa)' का ऐलान किया, जो 5 साल तक वैध रहेगा। सैंडियागो यूनो ने उम्मीद जताई कि इस कदम से करीब 36 लाख विदेशी यात्री इंडोनेशिया आएंगे, जिससे उनके देश में करीब 10 लाख रोजगार पैदा होगा।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित रिमोट वर्किंग वीजा का मतलब यह है कि अब दुनिया भर के फ्रीलांसर्स और रिमोट वर्कर इंडोनेशिया में बाली (Bali) जैसे आईलैंड पर रहते हुए काम कर सकते हैं, बशर्ते कि उनकी कमाई इंडोनेशिया के बाहर से आती हो।
सैंडियागो यूनो ने बताया कि यह फैसला कई रिमोट वर्कर्स के बीच कराए एक सर्वे के आधार पर लिया गया। इस सर्वे में भाग लेने वाले 95 फीसदी रिमोट वर्कर्स ने इंडोनेशिया को रहने और वहां से काम करने के लिए अपनी पहली पसंद बताया था। यूनो ने यह भी बताया कि इंडोनेशिया की सरकार पिछले साल ही डिजिटल नोमैड वीजा को लॉन्च करने पर विचार कर रही थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इस प्लान को टालना पड़ा था।
नया वीजा विदेशी टूरिस्टों को इंडोनेशिया में बिना टैक्स का भुगतान किए 5 साल तक रहने की इजाजत देगा, बशर्ते कि इस दौरान उनकी कमाई इंडोनेशिया के बाहर से आ रही है। अगर कोई व्यक्ति इस दौरान इंडोनेशिया में ही कमाई का कोई जरिया बनाता है, तो उसे वहां के नियमों के मुताबिक पूरा टैक्स देना होगा।