ईरान ने कहा कि तेहरान में हमास के राजनीतिक विंग के चीफ इस्माइल हानिया की हत्या करने वाले "शॉर्ट रेंड के गोले" उनके होटल के बाहर से फायर किए गए थे। Al Jazeera के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि हमास नेता की मौत हो गई, जब उन पर गोलाबारी की गई। IRGC ने अपने बयान में कहा, "हमला लगभग 7 किलोग्राम विस्फोटक ले जाने वाली छोटी दूरी की मिसाइल दागकर किया गया और गेस्ट रेजीडेंसी के बाहर से फायर किया गया।"
IRGC ने हानिया की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि इजरायल को "सही समय और जगह पर कड़ी सजा" मिलेगी। इसमें यह भी कहा गया कि हत्या को अमेरिका की "आपराधिक सरकार का समर्थन" था।
इजयरायल न हां कर रहा है न ना
इजरायल ने इस बात की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया कि ये हमला उसने ही किया था। अमेरिका ने कहा कि उसे हानिया की हत्या के बारे में न तो जानकारी थी और न ही वो इसमें शामिल था।
ये ध्यान दिया जाना चाहिए कि IRGC का बयान अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि हानिया की हत्या उसके उत्तरी तेहरान गेस्टहाउस में प्लांट किए गए विस्फोटकों से की गई थी। वो जब भी ईरान का दौरा करता था, तो यहीं ठहरता था।
इस्माइल हानिया (Ismail Haniyeh) की बुधवार तड़के ईरान की राजधानी में हत्या कर दी गई, जहां वह नए राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचा था।
ईरान ने खाई बदला लेने की कसम
ईरान और हमास ने जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई है। हानिया की हत्या के बाद से ईरान में बदला लेने की आवाजें तेज हो गई हैं।
शनिवार को अतिरूढ़िवादी कायहान अखबार ने कहा कि जवाबी कार्रवाई "ज्यादा विविध, ज्यादा बड़ा और ऐसा होगा, जिसे रोकना असंभव" होगा।
अखबार ने एक आर्टिकल में कहा, "इस बार, तेल अवीव और हाइफ़ा जैसे इलाके और रणनीतिक केंद्र और खासतौर से हाल के अपराधों में शामिल कुछ अधिकारियों के घर भी निशाने पर हैं।"
ईरान में अधिकारियों ने सेना के गेस्टहाउस से वरिष्ठ खुफिया अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों और कर्मचारियों समेत दो दर्जन से ज्यादा व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।