हिजबुल्लाह पर जमीनी हमलों में इजरायल को मिला अमेरिका का साथ, US ने ईरान को भी दे डाली चेतावनी

Israel Hezbollah War: लॉयड ऑस्टिन ने गैलेंट से बात करने के बाद सोशल नेटवर्क X पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा, "हम सीमा पर अटैक साइट को नष्ट करने की जरूरत पर सहमत हुए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लेबनान स्थित हिजबुल्लाह 7 अक्टूबर की तरह इजरायल के उत्तरी समुदायों पर हमले नहीं कर सके

अपडेटेड Oct 01, 2024 पर 1:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हिजबुल्लाह पर जीमीन हमलों में इजरायल को मिला अमेरिका का साथ

हिजबुल्लाह पर इजरायल के जमीनी हमले शुरू करने के कुछ घंटों बाद, अमेरिका ने भी इसमें अपना समर्थन दे दिया। अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने सोमवार को लेबनान के साथ सीमा पर अटैक साइट को नेस्तोबूद करने के लिए इजरायली समकक्ष योव गैलेंट को समर्थन की पेशकश की। लॉयड ऑस्टिन ने ईरान को भी चेतावनी दी कि अगर उसने जवाब में इजरायल पर हमला करने की कोशिश की, तो उसे 'गंभीर परिणाम' भुगतने होंगे। ईरान हिजबुल्लाह का समर्थक है और उसे हथियार से लकर पैसे तक तेहरान से ही मिलता है।

लॉयड ऑस्टिन ने गैलेंट से बात करने के बाद सोशल नेटवर्क X पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा, "हम सीमा पर अटैक साइट को नष्ट करने की जरूरत पर सहमत हुए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लेबनान स्थित हिजबुल्लाह 7 अक्टूबर की तरह इजरायल के उत्तरी समुदायों पर हमले नहीं कर सके।"

गैलेंट ने पहले चेतावनी दी थी कि शुक्रवार को इजरायली हमले में हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्ला की मौत के बावजूद लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई खत्म नहीं हुई है, जिससे आतंकवादी समूह को विनाशकारी झटका लगा है।


ऑस्टिन ने व्हाइट हाउस की ओर से साझा की गई स्थिति को दोहराया कि "सीमा के दोनों ओर" नागरिकों को सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए "राजनयिक समाधान की जरूरत है।"

ऑस्टिन ने कहा, "अगर ईरान ने इजरायल के खिलाफ सीधा सैन्य हमला शुरू करने का रास्ता चुना, तो मैंने दोहराया है कि ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।"

उन्होंने कहा, "अमेरिका ईरान और ईरान समर्थित आतंकवादी संगठनों से खतरों के सामने अमेरिकी कर्मियों, भागीदारों और सहयोगियों की रक्षा करने के लिए पूरी तरह से तैयार है और किसी भी पक्ष को तनाव का फायदा उठाने या संघर्ष को बढ़ाने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।"

इजरायल का जमीनी हमला कितना बड़ा?

वहीं इजरायली सेना ने मंगलवार को कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों के खिलाफ ‘‘सीमित, स्थानीय’’ ऑपरेशन शुरू कर दिया है, जिससे लेबनान के इस आतंकवादी गुट के खिलाफ उसके युद्ध में एक नया मोर्चा खुल गया है।

इजराइली सेना ने एक संक्षिप्त घोषणा में कहा कि वह उन इलाकों में हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमला कर रहा है, जो इजराइली सीमा के करीब हैं और हवाई सेना और आर्टिलरी यूनिट्स जमीनी फोर्स के सहयोग के लिए हमले कर रही हैं।

उसने यह नहीं बताया कि यह अभियान कब तक जारी रहेगा, लेकिन कहा कि सेना महीनों से इसकी तैयारी कर रही थी।

उसने कहा, "कुछ घंटे पहले ‘इजराइल डिफेंस फोर्सेज’ (IDF) ने सीमित, स्थानीय और लक्षित जमीनी हमले शुरू कर दिए। हमलों का लक्ष्य सीमा के करीब स्थित गांव हैं और यह उत्तरी इजराइल में इजराइली समुदायों के लिए खतरा पैदा करते हैं।"

Israel Lebanon Conflict: इजराइल ने लेबनान में जमीनी हमले शुरू करने का ऐलान किया, संघर्षविराम की अमेरिका की अपील नहीं मानी

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।