मालदीव (Maldives) की कमान संभालने के बाद भारत विरोधी रूख अपनाने वाले राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू (Maldivian President Mohamed Muizzu) की सरकार पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। चीन समर्थक राष्ट्रपति मुइज्जू भारत विरोधी बयानों की वजह से विपक्ष के निशाने पर हैं। विपक्षी दल मुइज्जू के भारत विरोधी रुख और चीनी सरकार से बढ़ती यारी पर सवाल उठा चुके हैं। अब लग रहा है कि भारत विरोधी मोइज्जू सरकार के विदाई का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। मालदीव के विपक्षी दल राष्ट्रपति मुइज्जू के खिलाफ महाभियोग लाने पर सहमत हो गए हैं।
स्थानीय मीडिया ने सोमवार को बताया कि संसद में बहुमत रखने वाली मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश करने के लिए पर्याप्त हस्ताक्षर जुटा लिए हैं। MDP के एक सांसद ने SunOnline आउटलेट को बताया कि मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी ने अन्य विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स के साथ साझेदारी में महाभियोग प्रस्ताव के लिए पर्याप्त हस्ताक्षर एकत्र कर लिए हैं। हालांकि, विपक्षी दलों ने अभी तक इसे जमा नहीं किया है।
यह घटनाक्रम मालदीव की संसद में चीन समर्थक मुइज्जू के मंत्रिमंडल के चार सदस्यों की मंजूरी पर मतभेदों को लेकर सरकार समर्थक सांसदों और विपक्षी सांसदों के बीच झड़प के एक दिन बाद आया है। मुख्य विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी ने कैबिनेट पर मतदान से पहले राष्ट्रपति के मंत्रिमंडल के 4 सदस्यों के लिए संसदीय मंजूरी रोकने का फैसला किया। इसके बाद, सरकार समर्थक सांसदों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे संसदीय बैठक की कार्यवाही बाधित हो गई।
मालदीव की संसद में संग्राम
मालदीव की संसद में रविवार को चीन समर्थक राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के मंत्रिमंडल में चार सदस्यों को मंजूरी देने पर हुए मतभेद को लेकर सरकार समर्थक सांसदों और विपक्षी सांसदों के बीच झड़प हो गई। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, मुख्य विपक्षी दल मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी ने कैबिनेट पर मतदान से पहले राष्ट्रपति मुइज्जू के मंत्रिमंडल के चार सदस्यों की संसदीय मंजूरी रोकने का फैसला किया। इसके बाद सरकार समर्थक सांसदों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे संसदीय बैठक की कार्यवाही बाधित हो गई।
खबरों के अनुसार, झड़प के दौरान कांदिथीमू से सांसद अब्दुल्ला शहीम अब्दुल हकीम शहीम और केंदीकुलहुधू से सांसद अहमद ईसा के बीच हाथापाई हुई। रिपोर्ट में बताया गया कि हाथापाई के दौरान दोनों सांसद चैंबर के पास गिर गए, जिससे शहीम के सिर पर भी चोटें आईं। अल्पसंख्यक नेता मूसा सिराज ने विवाद को रोकने का प्रयास किया। खबरों के मुताबिक, शहीम को अस्पताल ले जाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सांसद, स्पीकर की कुर्सी के पास इकट्ठा होते हुए और हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।