Get App

Bangladesh Crisis: मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार 8 अगस्त को लेगी शपथ

Bangladesh News: शेख हसीना के शासनकाल के दौरान गबन के आरोप में उत्पीड़न का सामना करने वाले नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस का जीवन पूरी तरह से बदल गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संसद भंग करके 84 साल अर्थशास्त्री यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त कर दिया है

Curated By: Akhileshअपडेटेड Aug 07, 2024 पर 7:35 PM
Bangladesh Crisis: मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार 8 अगस्त को लेगी शपथ
Bangladesh News: शेख हसीना के देश छोड़कर जाने के बाद अब यूनुस बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख बनेंगे

Bangladesh Interim Government: नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार गुरुवार 8 अगस्त को शपथ लेगी। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां ने बुधवार (7 अगस्त) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरिम सरकार गुरुवार को रात 8 बजे शपथ ले सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सलाहकार परिषद में 15 सदस्य हो सकते हैं। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार को 84 साल के अर्थशास्त्री यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया था। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री शेख हसीना नौकरियों में आरक्षण से संबंधित विवाद को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर भारत चली आई थीं।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त किए गए मोहम्मद यूनुस ने सभी से शांति कायम करने और हर प्रकार की हिंसा से बचने की अपील की। यूनुस ने कहा, "आइए इस नई जीत का सर्वोत्तम उपयोग करें। हम अपनी किसी गलती की वजह से इस जीत को व्यर्थ न जाने दें।" पेशे से अर्थशास्त्री यूनुस के प्रभार संभालने के लिए पेरिस से स्वदेश लौटने की संभावना है। उन्होंने कहा, "मैं वर्तमान परिस्थिति में सभी से शांति बरतने और सभी तरह की हिंसा और नुकसान से बचने की अपील करता हूं।"

इससे पहले बांग्लादेश में छात्रों ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन वालंटियर के रूप में ट्रैफिक मैनेजमेंट किया। वहीं, एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य से धीरे-धीरे ड्यूटी पर लौटने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बहाल करने का आह्वान किया।

स्थानीय मीडिया में आई खबरों के अनुसार, सोमवार को शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बांग्लादेश में अराजकता चरम पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने या ट्रैफिक का प्रबंधन करने के लिए पुलिसकर्मी उपलब्ध नहीं हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें