पाकिस्तान (Pakistan) के तीन बार पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) सुप्रीमो नवाज शरीफ (Nazwaz Sharif) दुबई इंटरनेशनल एयर पोर्ट पर पहुंच गए हैं और कुछ ही घंटों में अपने गृह देश के लिए रवाना होने के लिए तैयार हैं। नवाज शरीफ ने पाकिस्तान लौटने से पहले शनिवार को देश के मौजूदा हालात की निंदा की। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी PMLN नकदी की समस्या से जूझ रहे देश को मौजूदा संकट से बाहर निकालने में ‘‘सक्षम’’ है। शरीफ चार साल बाद पाकिस्तान लौट रहे हैं।
दुबई एयर पोर्ट पर शरीफ ने पत्रकारों से देश में वर्तमान स्थिति को लेकर चिंता जताई। उनके शब्दों में देश में हालात 2017 की तुलना में कहीं अधिक बिगड़ गए हैं, जब सु्प्रीम कोर्ट ने उन्हें अयोग्य घोषित किया था और बाद में भ्रष्टाचार के दो मामलों में उन्हें जवाबदेह ठहराते हुए दोषी करार दिया था।
उन्होंने कहा, "हालात 2017 से बेहतर नहीं हैं... और यह सब देखकर मुझे दुख होता है कि हमारा देश आगे बढ़ने के बजाय पीछे चला गया है।"
Geo News ने नवाज के हवाले से कहा, "पाकिस्तान में स्थिति बहुत खराब है और यह बहुत चिंताजनक है।"
'हमने ही समस्या खड़ी की है...'
देश के लिए उड़ान भरने से पहले उन्होंने दुबई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, "हम देश की समस्या के समाधान के लिए सक्षम हैं।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में लोग समस्या से जूझ रहे हैं और ये पीड़ादायक है, लेकिन उम्मीद है कि हम हालात सुधार सकते हैं। हमने ही समस्या खड़ी की है और हम ही इसे सुधार सकते हैं।"
चुनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ECP) के पास चुनाव की तारीख की घोषणा करने का अधिकार है।
पूर्व वित्त मंत्री और PML-N के वरिष्ठ नेता इशाक डार ने कहा कि पीएमएल-एन सुप्रीमो 73 साल के शरीफ विशेष विमान से दुबई से इस्लामाबाद पहुंचेंगे।
डार ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, "इस्लामाबाद में करीब एक घंटा बिताने के बाद वह मिनार-ए-पाकिस्तान में एक रैली को संबोधित करने के लिए लाहौर रवाना होंगे।"
भ्रष्टाचार के मामले में 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद उनके भविष्य के बारे में पूछे जाने पर शरीफ ने कहा कि उन्होंने सब कुछ ईश्वर पर छोड़ दिया है और वह पाकिस्तान लौटने वाले हैं।
Geo News ने बताया कि PML-N पार्टी पूर्व पीएम के भव्य स्वागत की तैयारी कर रही है। पार्टी के भव्य शक्ति प्रदर्शन के लिए पूरे पाकिस्तान से पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता लाहौर में जुट रहे हैं। पार्टी ने कई स्पेशल ट्रेनें भी बुक की हैं, ताकि उसके समर्थक मीनार-ए-पाकिस्तान रैली में शामिल हो सकें।