दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्‍ट (Mount Everest) की ऊंचाई को लेकर पिछले कुछ सालों से जारी विवाद अब खत्‍म हो गया है। चीन और नेपाल ने संयुक्‍त रूप से ऐलान किया है कि माउंट एवरेस्‍ट की नई ऊंचाई (Height of Mount Everest) अब 8848.86 मीटर है। माउंट एवरेस्‍ट की ऊंचाई मौजूदा समय में 8848 मीटर मानी जाती है, लेकिन अब नई ऊंचाई 8848.86 मीटर मापी गई है। ऐसे में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी की ऊंचाई और बढ़ गई है।

एवरेस्‍ट की नई ऊंचाई का ऐलान नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप ज्ञवली और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने संयुक्‍त रूप से किया। इस तरह से माउंट एवरेस्‍ट की ऊंचाई में 86 सेंटीमीटर की बढ़ोत्‍तरी हुई है। हिमालय पहाड़ की वर्तमान ऊंचाई 8,848 मीटर है और इसे 1954 में सर्वे ऑफ इंडिया (Survey of India) द्वारा मापा गया था।

2015 के भूकंप के बाद वास्तविक ऊंचाई में बदलाव होने के अनुमान के बाद नेपाल ने शिखर की ऊंचाई फिर से मापने का फैसला किया। नेपाल सरकार के अधिकारियों ने चीन के साथ समन्वय किया, जिसने हिमालय की ऊंचाई मापने के लिए अपनी एक टीम भेजी। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की 2019 में नेपाल यात्रा के दौरान काठमांडू और बीजिंग ने संयुक्त रूप से संशोधित ऊंचाई की घोषणा करने पर सहमति जताई थी।

एवरेस्‍ट की ऊंचाई के विवाद को खत्‍म करने के लिए चीन ने पिछले दिनों 30 सदस्‍यीय सर्वेक्षण दल को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर रवाना किया था। यह चीनी दल माउंट चोमोलुंगमा बेस कैंप से एवरेस्‍ट पर चढ़ाई के लिए रवाना हुआ था। एवरेस्‍ट के शिखर पर पहुंचकर इस दल ने ग्‍लोबल सैटेलाइट सिस्‍टम की मदद से दुनिया की इस सबसे ऊंची चोटी की माप की थी। एवरेस्‍ट पर चढ़ाई करने वाले इस दल में पेशेवर पर्वतारोही और चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय सर्वेक्षक शामिल थे।

इस सर्वे दल ने ग्‍लोबल नेव‍िगेशन सैटेलाइट और ग्रैवीमीटर की मदद से एवरेस्‍ट की ऊंचाई नापी। यह सर्वे दल अप्रैल महीने की शुरुआत में चोमोलुंगमा बेस कैंप पहुंच गया था। वर्ष 1949 में अपनी स्‍थापना के बाद चीन के सर्वेक्षण दल ने अब तक छह बार एवरेस्‍ट पर चढ़ाई की है और ऊंचाई नापी है। चीन ने साल 1975 और 2005 में एवरेस्‍ट की ऊंचाई जारी की थी। साल 1975 में एवरेस्‍ट की ऊंचाई 8,848.13 मीटर और वर्ष 2005 में 8,844.43 मीटर मापी गई थी।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।