Get App

पाकिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर अफगानिस्तान को गेहूं भेज सकेगा भारत, इमरान सरकार ने दी इजाजत

तालिबान की वापसी के बाद से अफगानिस्तान की अर्थव्यवस्था ठप है और वह गंभीर भूख संकट से जूझ रहा है

MoneyControl Newsअपडेटेड Nov 15, 2021 पर 10:26 PM
पाकिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर अफगानिस्तान को गेहूं भेज सकेगा भारत, इमरान सरकार ने दी इजाजत
Imran Khan

पाकिस्तान ने भारत को इजाजत दी है कि वह उसके इलाके का इस्तेमाल करते हुए अफगानिस्तान को 50,000 टन गेहूं मदद के लिए भेज सकता है। तालिबान नियंत्रित अफगानिस्तान सरकार के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अगस्त में तालिबान के सत्ता में वापसी के बाद से अफगानिस्तान की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है और वह अभी एक गंभीर भूख संकट से जूझ रहा है।

अफगानिस्तान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के प्रवक्ता सुलेमन शाह जहीर ने बताया कि अफगानिस्तान ने करीब एक महीने पहले पाकिस्तान से अनुमति मांगी थी, जिसके बाद अब पाकिस्तान ने उसके सड़क मार्ग का इस्तेमाल कर गेहूं के शिपमेंट जाने की इजाजत दे दी है।

जहीर ने बताया, इस मुद्दे को अब सुलझा लिया गया है। भारत अब वाघा बार्डर से पाकिस्तान के जरिए अफगानिस्तान को गेहूं भेज सकता है।" तालिबान के सत्ता में आने के बाद भारत सरकार की तरह अफगानिस्तान को पहली मदद होगी। हालांकि अभी तक भारत ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को मान्यता नहीं दी है।

पाकिस्तान, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात उन देशों में शामिल हैं, जिन्होंने अफगानिस्तान को भोजन और मेडिकल सामान मुहैया कराए हैं। हाल ही में विश्व खाद्य कार्यक्रम की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान के लगभग 4 करोड़ लोगों में से आधे से अधिक लोगों को भोजन की कमी का सामना करना पड़ सकता है और करीब 90 लाख पहले से ही भुखमरी के कगार पर हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें