पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान (Imran Khan) अपनी सरकार गिरने के महीनों बाद भी सुर्खियों में बने हुए हैं। खान ने अब शुक्रवार को एक और ऐसा बयान दे दिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। पूर्व क्रिकेटर-राजनेता पर पिछले हफ्ते ही एक महिला जज के खिलाफ उनकी टिप्पणी को लेकर एक आतंकी मामले में केस दर्ज किया गया है।
पाकिस्तान के द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, खान ने शुक्रवार को मीडिया से कहा, "मैं बहुत खतरनाक हूं।" इससे एक दिन पहले ही इस्लामाबाद की एक अदालत ने उन्हें गिरफ्तारी से पहले एक हफ्ते की अंतरिम जमानत दी थी। एक हफ्ते में यह मौका था, जब पूर्व प्रधानमंत्री ने अंतरिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
यह आरोप लगाते हुए कि सरकार देश में "सबसे बड़ी पार्टी के प्रमुख को गिरफ्तार करने" की कोशिश कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान का मज़ाक उड़ाया जा रहा है।
यह दावा करते हुए कि देश "अराजकता" का सामना कर रहा है, खान ने आगे कहा, "यहां कोई कानून नहीं है और किसी के खिलाफ कोई भी आरोप लगाया जा सकता है। वे तकनीकी नॉकआउट की तलाश में हैं। बस खुद को बचाने के लिए वे देश का मजाक बना रहे हैं।"
PTI नेता शाहबाज गिल की गिरफ्तारी को लेकर पिछले हफ्ते एक रैली में अपनी टिप्पणी को लेकर इमरान खान के ऊपर आतंकी मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। खान और उनकी पार्टी के नेता आरोप लगाते रहे हैं कि गिल को हिरासत में प्रताड़ित किया गया है।
रैली में, हालांकि, खान ने शाहबाज शरीफ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, और मामले से जुड़ी एक महिला जज और यहां तक कि चुनाव आयोग के खिलाफ भी बयानबाजी की।
जवाब में, मीडिया वॉचडॉग - पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी - ने सैटेलाइट टीवी चैनलों पर उनके लाइव भाषणों पर प्रतिबंध लगा दिया।