पाकिस्तानी रुपया (Pakistani Rupee), डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के इतिहास के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। पाकिस्तानी रुपये में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब देश गंभीर राजनीतिक संकट से गुजर रहा है और उसके प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) अपनी सरकार गिरने से बचाने की कोशिशों मे लगे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध रेट के मुताबिक, शुक्रवार को एक अमेरिकी डॉलर की कीमत 189.37 पाकिस्तानी रुपये के बराबर थी। जुलाई 2021 से पाकिस्तानी रुपये की वैल्यू अमेरिका डॉलर के मुकाबले 18 फीसदी घट चुकी है। वहीं पिछले एक महीने में इसमें 6% से अधिक की गिरावट आई है।
पाकिस्तानी रुपये की अगर भारत से तुलना करें तो शुक्रवार को 1 पाकिस्तानी रुपये की वैल्यू भारत के 0.40 पैसे के बराबर थी। यानी आठ आने से भी कम। इस तरह भारत का एक रुपया पाकिस्तान के ढाई रुपये के बराबर हुआ।
पाकिस्तानी रुपये में महीनों से गिरावट जारी थी। हालांकि पिछले महीने में मार्च में जब विपक्षी नेताओं ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाया तो उसके बाद यह गिरावट और तेज हो गई। कराची स्थित एक ब्रोकरेज फर्म के चीफ मोहम्मद सोहैल ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया, "राजनीतिक उथलपुथल ने एक अनिश्चितता को जन्म दिया है और इसने पाकिस्तानी रुपये पर काफी बुरा असर डाला है।"
पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार भी घटा
पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में भी गिरावट आई है और यह मार्च के 16 अरब डॉलर के स्तर से घटकर 12 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया है। विदेशी मुद्रा भंडार में कमी के पीछे पाकिस्तान के बढ़ते व्यापार घाटे का मुख्य वजह बताया जा रहा है।
क्या पाकिस्तान में भी आएगा श्रीलंका जैसा आर्थिक संकट?
पाकिस्तान को तेल और गैस सहित अपनी कई जरूरतों को पूरा करने के विदेशों से सामान इंपोर्ट करना होता है। विदेशों से इंपोर्ट के लिए विदेशी मुद्रा की जरूरत होती है। ऐसे में पाकिस्तान के घटते विदेशी मुद्रा भंडार ने कई अर्थशास्त्रियों को परेशान कर दिया है। उनकी चिंता इसलिए भी है क्योंकि हाल ही में श्रीलंका इसी घटते विदेशी मुद्रा भंडार की वजह से अपने अब तक के सबसे बड़े आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
विदेशी कर्ज से लदा पाकिस्तान
पाकिस्तान इससे पहले कई मौकों पर विदेशी मुद्रा की अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए विदेशी संस्थाओं से कर्ज ले चुका है। पाकिस्तान पर फिलहाल 90 अरब डॉलर से अधिक का कर्ज है। 2019 में पाकिस्तान को इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) ने 6 अरब डॉलर का बेलआउट पैकेज दिया था। इसमें से आधी राशि का भुगतान कर दिया है। हालांकि पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति को देखते हुए IMF बाकी राशि को देने पर फिर से पाकिस्तान से बातचीत की जा रही है।