प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल (Prince Harry and Meghan Markle) की ब्रिटेन की शाही परिवार के साथ पुनर्मिलन की कोई इच्छा नहीं है। शाही परिवार के एक अधिकारी ने कहा कि प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल की ब्रिटेन वापस जाने की फिलहाल कोई इच्छा नहीं है। राजकुमार और राजकुमारी 2020 में अपनी जिम्मेदारियों को छोड़ने के बाद अब कैलिफोर्निया में रहते हैं।
रॉयल एक्सपर्ट केटी निकोल (Royal analyst Katie Nicholl) ने कहा कि कपल का ब्रिटेन और शाही परिवार में लौटने का कोई इरादा नहीं है। निकोल ने कहा का दोनों पर पिछले बयानों से यह स्पष्ट है कि वे कैलिफोर्निया में खुश और संतुष्ट हैं।
निकोल के अनुसार, हैरी और मेगन को अमेरिका में अपना नया जीवन पसंद है और उनकी वापसी की कोई इच्छा नहीं है। किंग चार्ल्स III का राज्याभिषेक 6 मई, 2023 को होने वाला है। शाही परिवार के सूत्रों के अनुसार, हैरी और मेगन के समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
शाही परिवार के क्या है नियम?
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल के बेटे आर्ची माउंटबेटन-विंडसर तकनीकी रूप से अब एक राजकुमार हैं। ‘द गार्जियन’ अखबार की खबर के अनुसार उनकी छोटी बहन, लिलिबेट “लिली” माउंटबेटन-विंडसर भी एलिजाबेथ की मौत और अपने दादा चार्ल्स, प्रिंस ऑफ वेल्स के सिंहासन पर बैठने के बाद राजकुमारी बनने की हकदार हैं।
ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स हैरी और मेगन मर्केल को उनके राजशाही दर्जे में कोई बदलाव नहीं दिखेगा। मेगन ने पिछले साल मार्च में ओपरा विनफ्रे के साथ एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि आर्ची को पुलिस सुरक्षा नहीं मिलेगी, क्योंकि उसके पास कोई पदवी नहीं है।
उन्होंने इंटरव्यू में संकेत दिया था कि उन्हें उम्मीद है कि प्रिंस चार्ल्स के सिंहासन ग्रहण करने के बाद आर्ची को राजकुमार की पदवी दी जाएगी। किंग जॉर्ज द्वारा 1917 में स्थापित प्रोटोकॉल के तहत, एक सम्राट के बच्चों और पोते-पोतियों को ‘हर रॉयल हाइनेस’ या ‘हिज रॉयल हाइनेस’ और राजकुमार या राजकुमारी की पदवी का स्वत: अधिकार है।
जिस समय आर्ची का जन्म हुआ था, वह महारानी के एक परपोते थे, पोते नहीं। लेकिन उन्हें राजकुमार बनने से रोकने के लिए, राजा को एक ‘लेटर्स पेटेंट’ जारी करना होगा जिसमें आर्ची के राजकुमार होने के अधिकार और लिली के राजकुमारी होने के अधिकार में संशोधन किया जाएगा।