Russia Bridge Blast: क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले केर्च पुल पर जोरदार धमाका, मीलों दूर तक सुनाई दी ब्लास्ट की आवाज

Russia Bridge Blast: न्यूज एजेंसी ने स्थानीय रूसी अधिकारी ओलेग क्रियुचकोव के हवाले से कहा कि फ्यूल स्टोरेज टैंक जैसी लग रही एक चीज में धमाके के बाद आग लग गई, जिसके बाद पुल पर आवाजाही बंद हो गई है

अपडेटेड Oct 08, 2022 पर 1:44 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले केर्च पुल पर जोरदार धमाका

Russia Bridge Blast: रूस (Russia) के सरकारी मीडिया ने शनिवार को रूस और उसके नियंत्रण वाले क्रीमिया (Crimea) प्रायद्वीप को जोड़ने वाले एक पुल पर धमाके के बाद (Bridge Blast) भीषण आग लगने की खबर दी है। इससे कुछ घंटे पहले पूर्वी यूक्रेन का खारकीव शहर शक्तिशाली बम धमाकों से दहल उठा था।

‘RIA नोवोस्ती’ और ‘तास’ न्यूज एजेंसी ने स्थानीय रूसी अधिकारी ओलेग क्रियुचकोव के हवाले से कहा कि फ्यूल स्टोरेज टैंक जैसी लग रही एक चीज में आग लग गई, जिसके बाद पुल पर आवाजाही बंद हो गई है।

सोशल मीडिया पर सामने आईं घटना की कथित तस्वीरों में पुल पर भीषण आग लगी दिखाई देती है, जिससे पुल को भारी नुकसान होने की आशंका है। घटना से जुड़ी खबरों और तस्वीरों का तत्काल वैरिफाई नहीं किया जा सका है।


नॉर्थ कोरिया मिसाइल दागने से नहीं आ रहा बाज, समुद्र की ओर फिर दागी एक और मिसाइल

The Guardian के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि धमाका इतना जबरदस्त था कि मीलों दूर तक इसकी आवाज सुनी जा सकती थी। धमाका शनिवार को सुबह 6 बजे से पहले हुआ। धमाके के वक्त एक ट्रेन पुल को पार कर रही थी। रूस के अधिकारियों ने इसे एक कार बम बताया।

हालांकि, रूसी टेलीग्राम चैनलों और न्यूज एजेंसियों पर शेयर किए गए कुछ फुटेज में विस्फोट से पहले दो वाहन दिख रहें, जिसमें एक ट्रक और एक कार है। हालांकि, ये साफ नहीं कहा जा सकता है कि धमाका कार से हुआ या ट्रक से।

रूस ने साल 2014 में अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन कर यूक्रेन से क्रीमिया को छीन लिया था और फिर इस पुल का निर्माण कराया था।

शनिवार तड़के पूर्वी यूक्रेन के खारकीव शहर के बम धमाकों से दहलने के कुछ घंटे के बाद यह घटना हुई है। खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने टेलीग्राम पर कहा कि तड़के हुए विस्फोट शहर के मध्य में हुए मिसाइल हमलों का नतीजा हैं।

उन्होंने कहा कि विस्फोटों से शहर के एक मेडिकल संस्थान और एक नॉन रेजिडेंशियल इमारत में आग लग गई। हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।